लुधियाना के जवाहर नगर कैंप में फायरिंग से मचा हड़कंप, चार कारों में आए दीपू गुट ने किया राम गुट पर हमला

लुधियाना के जवाहर नगर कैंप में कार में सवार होकर आए एक दर्जन के करीब बदमाशों ने रात करीब साढ़े नौ बजे जमकर गुंडागर्दी की। बदमाशों ने हवा में तलवारें लहराई पत्थरबाजी की और चार राउंड फायर भी किए।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Thu, 03 Jun 2021 06:40 AM (IST) Updated:Thu, 03 Jun 2021 06:40 AM (IST)
लुधियाना के जवाहर नगर कैंप में फायरिंग से मचा हड़कंप, चार कारों में आए दीपू गुट ने किया राम गुट पर हमला
जवाहर नगर कैम्प में लोगो से घटना की जानकारी लेते एसीपी जतिंदर चोपड़ा।

लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना के जवाहर नगर कैंप में कार में सवार होकर आए एक दर्जन के करीब बदमाशों ने रात करीब साढ़े नौ बजे जमकर गुंडागर्दी की। हवा में तलवारें लहराई, पत्थरबाजी की और चार राउंड फायर किए। गोलियों के आवाज से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। एसीपी सिविल लाइंस जितेंद्र चोपड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। राम नाम के युवक ने पुलिस को बताया कि वह सैर कर रहा था।

चार कारों में सवार होकर आए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उसके हाथ पर तलवार से वार किया। उस पर पत्थर भी फेंके। एक बदमाश के पास पिस्तौल था जिससे चार फायर भी किए गए। उसने घर की ओर भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं, एक महिला ने एसीपी को बताया कि वह बच्चे के साथ सैर कर रही थी। कार में आए कुछ लोगों ने फायरिंग की तो वह बच्चे को लेकर घर की ओर भागी। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। मौके पर पुलिस की एक टीम को भी तैनात कर दिया गया है।

एसीपी जितेंद्र चोपड़ा का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दो गुटों के बीच का मामला है। एक राम लखन जबकि दूसरा दीपू ग्रुप है। राम और लखन पर हत्या की कोशिश के केस दर्ज हैं। दीपू पर भी हत्या सहित कई मामले हैं। राम हाल में जमानत पर जेल से बाहर आया है।

लखन अब भी जेल में है। दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश में यह हमला हुआ है। फिलहाल गोली चलने का कोई सुबूत नहीं मिला है। गौरतलब है कि यह हमला उसी जगह हुआ है जहां कुछ महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर जिंदू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

chat bot
आपका साथी