रेहड़ी-फड़ी वाले बोले, जहां सर्वे हो गया, वहां तो वेंडिंग जोन बनाएं

लुधियाना को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सरकार ने रेहड़ी-फड़ी वाले को सड़कों से हटाकर वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की योजना पर काम शुरू किया था। हालांकि जल्दी ही ये योजना ठंडे बस्ते में पड़ गई जिससे योजना अधर में लटक गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 06:44 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 06:44 AM (IST)
रेहड़ी-फड़ी वाले बोले, जहां सर्वे हो गया, वहां तो वेंडिंग जोन बनाएं
रेहड़ी-फड़ी वाले बोले, जहां सर्वे हो गया, वहां तो वेंडिंग जोन बनाएं

डीएल डान, लुधियाना : लुधियाना को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सरकार ने रेहड़ी-फड़ी वाले को सड़कों से हटाकर वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की योजना पर काम शुरू किया था। हालांकि जल्दी ही ये योजना ठंडे बस्ते में पड़ गई, जिससे योजना अधर में लटक गई। नगर निगम मार्केट कमेटी की ओर से महानगर में 62 जगहों पर वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह फिक्स की गई है। नेशनल एसोसिएशन आफ स्ट्रीट वेंडर्स आफ इंडिया (नासवी) की ओर से नगर निगम के प्रति नाराजगी जताई जा रही है। रविवार को घंटाघर चौक के पास नासवी और रेहड़ी-फड़ी फेडरेशन की ओर से राउंड टेबल कांफ्रेंस की गई। इसमें फेडरेशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपनी समस्याएं बताईं।

योजना पूरी करे निगम : टाइगर सिंह

रेहड़ी-फड़ी फेडरेशन के प्रधान टाइगर सिंह ने कहा कि नासवी के कोआर्डिनेटर अरविद सिंह के अथक प्रयास से पंजाब सरकार ने वेंडिंग जोन बनाने शुरू किए। निगम की ओर से अच्छी पहल हुई और वर्क शुरू हुआ, लेकिन बाद में योजना ठंडे बस्ते में चली गई। इस योजना का पूरा किया जाए।

तीन साल में नहीं बना कोई वेंडिंग जोन : जसवंत

जसवंत सिंह ने बताया कि सरकार पिछले तीन साल से वेंडर जोन बनाने में जुटी है। अभी तक एक भी वेंडर जोन तैयार नहीं हो पाया है, जो चिता का विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि महानगर में जल्द वेंडर जोन बनाया जाए।

शहर में 62 जगह फिक्स हुई जमीन : भोलानाथ

भोलानाथ ने कहा कि महानगर में 62 जगहों पर वेंडर जोन बनाने की जमीन फिक्स हो चुकी है। इसके बावजूद एक भी वेंडर जोन तैयार नहीं होना नगर निगम की लापरवाही है। सरकार रेहड़ी फड़ी वालों को व्यवस्थित करने के लिए महानगर में जल्द वेंडर जोन तैयार करवाए।

रेहड़ी वालों को दुकानों में करें शिफ्ट : रामानंद पौद्दार

रामानंद पौद्दार ने कहा कि महानगर में करीब 27 हजार रेहड़ी फड़ी वाले निगम से रजिस्टर्ड है, जिन्हें नगर निगम वेंडर जोन में भेजना चाहती है। नगर निगम को चाहिए कि जिन जगहों का सर्वे हो चुका है वहां पर जल्द से जल्द वेंडर जोन तैयार कराएं ताकि रेहड़ी फड़ी वालों को दुकानों में शिफ्ट किया जा सके।

निगम अधिकारी नहीं करवा रहे काम : विजय सिंह

विजय सिंह ने कहा कि महानगर की सड़कों पर रेहड़ी फड़ी लगवाने का काम नगर निगम के अधिकारी करवा रहे हैं, ताकि उनकी जेब गर्म होती रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी नहीं चाहते हैं कि इतनी जल्दी वेंडर जोन बन जाए। इससे उनकी उगाही बंद हो जाएगी।

सरकार करे राजस्व वसूली : रवि जायसवाल

रवि जायसवाल ने कहा कि महानगर में सड़कों पर मंडियां सज रही है और नगर निगम के लोग उगाही में जुटे है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि जल्द वेंडर जोन तैयार करवा रेहड़ी फडी वालों को वहां शिफ्ट कर राजस्व वसूली कराए।

chat bot
आपका साथी