आपदा के नायक: Coronavirus के संक्रमण से शहर को बचाने में जुटे जसदेव सिंह सेखों, दूसरों के लिए बने प्रेरणा

कोरोना वायरस के संक्रमण से जहां पूरा विश्व जूझ रहा है वहीं लुधियाना भी इससे अछूता नहीं है। लुधियाना में वायरस का संक्रमण कम से कम हो इसके लिए कई लोग दिन रात जुटे हैं।

By Edited By: Publish:Thu, 02 Apr 2020 05:00 AM (IST) Updated:Thu, 02 Apr 2020 10:36 AM (IST)
आपदा के नायक: Coronavirus के संक्रमण से शहर को बचाने में जुटे जसदेव सिंह सेखों, दूसरों के लिए बने प्रेरणा
आपदा के नायक: Coronavirus के संक्रमण से शहर को बचाने में जुटे जसदेव सिंह सेखों, दूसरों के लिए बने प्रेरणा

लुधियाना, [राजेश भट्ट]। कोरोना वायरस के संक्रमण से जहां पूरा विश्व जूझ रहा है, वहीं लुधियाना भी इससे अछूता नहीं है। लुधियाना में वायरस का संक्रमण कम से कम हो, इसके लिए कई लोग दिन-रात जुटे हैं। सरकारी अफसर व कर्मचारी हों या स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य सभी इस संक्रमण से लड़ने के लिए काम कर रहे हैं।

नगर निगम के सचिव जसदेव सिंह सेखों आजकल शहर में आपदा के नायक के तौर पर काम करने में जुटे हैं। जसदेव सिंह सेखों शहर में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए खुद की ड्यूटी न होने के बावजूद शहर को सैनिटाइज करने में जुटे हैं। जरूरत पड़ने पर ट्रैक्टर चलाने से लेकर स्प्रेयर का नोजल तक चला रहे हैं।

सेखों के इस प्रयास को शहरवासियों की तरफ से खूब सराहना मिल रही है। जब सूबे में कोरोना वायरस पैर पसार रहा था, उस वक्त जसदेव सिंह सेखों ने शहर को संक्रमण से बचाने के लिए तरकीब निकाली। उन्होंने अपने दोस्त से एक स्प्रे मशीन लेकर पूरे शहर को सैनिटाइज करना शुरू किया। 22 मार्च की रात से सेखों लगातार अपनी टीम के साथ शहर को सैनिटाइज करने में जुटे हैं। यह मशीन उन्होंने अपने दोस्त से शहर को सैनिटाइज्ड करने के लिए फ्री में मंगवाई है।

नगर निगम में तैनात सचिव सेखों के पास दो जोनों की हेल्थ ब्रांच का चार्ज है। उनकी ड्यूटी अलग-अलग इलाकों में निगम कर्मियों की ड्यूटी लगाना है और उनसे रिपोर्ट हासिल करना है। इसके बावजूद वह खुद शहर को सैनिटाइज करने जा रहे हैं। सैनिटाइज मशीन वाली ट्रॉली चलाने वाले ड्राइवर को आराम देने के लिए वह कई बार खुद ही ट्रॉली भी चला रहे हैं और स्प्रे करते वक्त नोजल खुद ऑपरेट कर रहे हैं। जब कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के घरों को सैनिटाइज्ड करने की बात आ रही है, तो सेखों खुद आगे जाकर स्प्रे कर रहे हैं और अपने कर्मचारियों को पीछे रख रहे हैं। गुरदेव नगर और अमरपुरा में जो दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव आई हैं, उनके घरों को भी सैनिटाइज्ड करने के लिए सेखों व उनकी टीम पहुंची थी। 

सेखों को दूसरे शहरों ने भी किया फॉलो

जसदेव सिंह सेखों ने जब लुधियाना शहर की सड़कों को सैनिटाइज करना शुरू किया, तो उस वक्त यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। उसके बाद देश के अन्य शहरों में भी नगर निगमों ने सड़कों को सैनिटाइज करना शुरू किया। सेखों का कहना है कि उनके दोस्त ने एक मशीन विदेश भेजने के लिए तैयार की थी। उसी दौरान सूबे में कोरोना के मामले सामने आने लगे, तो उन्होंने इस मशीन के जरिये शहर में स्प्रे करने का सुझाव दिया। जिसके बाद नोडल अफसर अश्वनी सहोता समेत पूरी टीम के साथ शहर को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी