ग्यासपुरा की सड़क बनी दलदल, विधायक को जानकारी नहीं

ग्यासपुरा इलाके में सड़क से गुजरते समय लोग भगवान को जरूर याद करते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 05:30 AM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 06:13 AM (IST)
ग्यासपुरा की सड़क बनी दलदल, विधायक को जानकारी नहीं
ग्यासपुरा की सड़क बनी दलदल, विधायक को जानकारी नहीं

राजेश पाठक, लुधियाना

ग्यासपुरा इलाके में सड़क से गुजरते समय लोग भगवान को जरूर याद करते हैं। कारण, सड़क बहुत ही जर्जर हो चुकी है और उसमें पड़े गढ्डों में बारिश का पानी जमा रहता है। यह सड़क कम, दलदल अधिक नजर आती है। लोग सही सलामत यहां से निकलने की प्रार्थना भगवान के जरूर करते हैं। लोग प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि स्थानीय विधायक को सड़क की ऐसी हालत और लोगों की परेशानी की जानकारी ही नहीं है।

ग्यासपुरा से अधिकतर लोग फोकल प्वाइंट ड्यूटी जाने के लिए एक घंटा पहले घर से निकलते हैं। वार्ड नंबर तीस में सड़क की हालत खस्ता होने और ऊपर से जाम लगने से वह फिर भी समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। वार्ड नंबर 30 सुआ रोड से ओसवाल वूलन मिल के पीछे तक सड़क की हालत बहुत खराब हो चुकी है। इंडस्ट्रियल एरिया सी होने से यहां से बड़े-बड़े ट्रक गुजरते हैं। सड़क गढ्डों में तबदील हो चुकी है। 33 फुट रोड पर पानी का भराव होने से समस्या और विकराल हो चुकी है। वाहन हिचकोले खाते यहां से गुजरते हैं, जिससे हर वक्त हादसे का अंदेशा बना रहता है।

मिनी रोज गार्डन में गंदे पानी की बदबू

स्थानीय निवासी हरविदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि ग्यासपुरा मिनी रोज गार्डन का लेवल नीचा होने से सीवरेज व बारिश का पानी यहां जमा रहता है। इससे पूरे एरिया में बदबू फैली रहती है। सांस लेना भी दुश्वार है। लोग भी बीमार रहते हैं। सड़क की खस्ता हालत ने समस्या और बढ़ा दी है।

गढ्डों की सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं

अंबेडकर नगर निवासी सुमन सिंह ने बताया कि इव लाइन इंटरनेशनल में काम करते हैं। सड़कें बहुत ही खराब हैं। फैक्ट्री पहुंचने में करीब एक घंटा लग जाता है। सड़क पर गढ्डे पड़े हैं और उनमें पानी भरा रहता है। सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं। सरकार सड़क की मरम्मत करे।

गंदे पानी से गाड़ी लेकर जाना मजबूरी

हरकिशन नगर निवासी समाज सेवक राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि गंदा पानी होने के कारण गाड़ी सीवरेज में फंस जाती है और लोग मजबूरी में गंदे पानी में घुसकर गाड़ी निकालते हैं। सड़क की हालत बहुत ही खराब है। इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए। पार्षद जसपाल बोले, मेयर, कमिश्नर व ठेकेदार सुनते ही नहीं

वार्ड पार्षद जसपाल सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि 16 वार्डो को जोड़ने वाली ओसवाल के पीछे की सड़क के लिए सुपर सेक्शन कराने का वर्क ऑर्डर दो साल पहले हुआ था। मेयर, निगम कमिश्नर व ठेकेदार हमारी बात सुन नहीं रहे। जर्जर सड़क के कारण लोग परेशान हैं।

सड़क जर्जर है हमें पता नहीं : विधायक बैंस

लोक जनशक्ति पार्टी के स्थानीय विधायक बलविंदर सिंह बैंस ने कहा कि ग्यासपुरा की सड़क जर्जर होने और लोगों के परेशान होने की उन्हें जानकारी नहीं है। वे जल्द ही अपने क्षेत्र की सड़कों को चेक करवाकर जरूरी रिपेयर करवाएंगे।

chat bot
आपका साथी