लुधियाना में 16 साल का टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, तापमान 40 डिग्री के पार

अभी अप्रैल का महीना खत्म भी नहीं हुआ कि गर्मी रंग दिखाने लगी।

By Edited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 05:45 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 10:20 AM (IST)
लुधियाना में 16 साल का टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, तापमान 40 डिग्री के पार
लुधियाना में 16 साल का टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, तापमान 40 डिग्री के पार

जागरण संवाददाता, लुधियाना। अभी अप्रैल का महीना खत्म भी नहीं हुआ कि गर्मी रंग दिखाने लगी। मंगलवार को तो यू लगा जैसे आसमान से आग बरस रही हो। गर्म हवाओं के थपेड़ों और गर्मी से लोग बिलबिला उठे। सुबह ग्यारह बजते-बजते तापमान 40.5 डिग्री सेलिसयस पर पहुंच चुका था। सोलह साल में पहली दफा महानगर में 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेलिसयस के पार पहुंचा है।

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग में दर्ज रिकार्ड की मानें तो वर्ष 2003 में 23 अप्रैल को 41.5 डिग्री सेलिसयस तापमान दर्ज किया गया था। इसके बाद के वर्षों में कभी भी 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं हुआ। शहर में आलम यह था कि सड़कों पर लोग गर्मी से बेचैन दिखे। नौनिहाल बेहाल गर्मी से सबसे अधिक परेशान स्कूली बच्चे दिखे। दोपहर को स्कूल से छुट्टी के बाद सड़कों पर बस्ते के बोझ से दबे नौनिहाल तल्ख धूप में परेशान दिखे।

आज भी चरम रहेगी गर्मी
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वैज्ञानिक डॉ. केके गिल के अनुसार बुधवार को भी गर्मी चरम पर रहेगी। ऐसे में लोग घर से धूप से बचाव के इंतजाम करके ही निकलें। बढ़ते तापमान से हीट स्ट्रोक का खतरा हो सकता है।

धूप का त्वचा पर पड़ता है बुरा असर
एसपीएस अस्पताल के त्वचा रोग विभाग की प्रमुख डॉ. जसतिंदर कौर गिल ने कहा कि धूप में जाने से बचना चाहिए। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के दौरान धूप सबसे तेज होती है। कोशिश करें कि इस समय बाहर न निकलें। अगर बाहर निकलना ही है तो कैप पहनें। हेलमेट पहनना अच्छा रहेगा। पैदल राहगीर छाता लेकर ही धूप में निकलें। अपने साथ पानी जरूर रखें।

11 वर्षो में 23 अप्रैल के तापमान का रिकार्ड
वर्ष     अधिकतम तापमान
2009- 36.2 डिसे
2010- 36.6 डिसे
2011- 36.4 डिसे
2012- 34.7 डिसे
2013- 35.2 डिसे
2014- 34.6 डिसे
2015- 37.4 डिसे
2016- 35.4 डिसे
2017- 36.6 डिसे
2018- 36.6 डिसे
 

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी