पंजाब में नशे करता गिरफ्तार पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा पहुंचा जेल

प्रकाश सिंह सहित पांचों आरोपितों को गिरफ्तार करके सिविल अस्पताल गुरादसपुर में मेडिकल करवाने के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस ने उन्हें सब जेल में रखा है। कोरोना टेस्ट के बाद उन्हें केंद्रीय जेल में शिफ्ट किया जाएगा।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 04:54 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 04:54 PM (IST)
पंजाब में नशे करता गिरफ्तार पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा पहुंचा जेल
गुरदासपुर में पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के बेटे को सब-जेल ले जाती हुई पुलिस। जागरण

गुरदासपुर, जेएनएन। नशा करते पकड़े गए पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे सुच्चा सिंह लंगाह के छोटे बेटे प्रकाश सिंह को जेल भेज दिया गया है। प्रकाश को धारीवाल पुलिस ने चार अन्य लोगों सहित हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। सभी पर एनडीपीसी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पांचों आरोपितों को गिरफ्तार करके सिविल अस्पताल गुरादसपुर में मेडिकल करवाने के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस ने उन्हें सब जेल में रखा है। कोरोना टेस्ट के बाद उन्हें केंद्रीय जेल में शिफ्ट किया जाएगा।

एसपी (डी) हरविंदर सिंह संधू ने बताया कि धारीवाल पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ नौजवान हेरोइन की सप्लाई देने के लिए राजेश कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी मिल क्वार्टर धारीवाल आए हैं। वे नशा करने के साथ-साथ बेचने के भी आदी हैं। पुलिस ने रेड की तो कुछ नौजवान हेरोइन का सेवन करते मिले। पुलिस ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपनी पहचान अदित्य महाजन पुत्र सुरेश कुमार, कुनाल पुत्र संदीप कुमार, सुधीर सिंह पुत्र रणबीर सिंह, राजेश कुमार पुत्र अशोक कुमार सभी निवासी धारीवाल और प्रकाश सिंह पुत्र सुच्चा सिंह लंगाह निवासी रणीया धारीवाल के रूप में हुई। तलाशी में अदित्य महाजन से आठ ग्राम हेरोइन, कुनाल से 2.5 ग्राम हेरोइन, सुधीर सिंह से दो ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं, राजेश कुमार व प्रकाश सिंह हेरोइन का सेवन कर रहे थे।

चंडीगढ़ में ही रहता था लंगाह का बेटा

पुलिस की गिरफ्त में आया पूर्व अकाली मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा प्रकाश ज्यादातर चंडीगढ़ में रहता है। जैसे ही वह गुरदासपुर के धारीवाल में अपने दोस्तों के साथ आया, स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली कि वह एक कोठी में बैठकर हेरोइन का नशा कर रहे हैं। इस पर पुलिस की टीमों ने एसपीडी हरविंदर संधू के नेतृत्व में रेड करके सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

नशे का आदी है प्रकाश सिंह

पुलिस के अनुसार प्रकाश सिंह हेरोइन के नशे का आदी है। कैबिनेट मंत्री के पद पर रहने वाले सुच्चा सिंह लंगाह के रसूख के चलते पुलिस उस पर हाथ नहीं डालती थी। सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस को जैसे ही प्रकाश सिंह के खिलाफ सूचना मिली तो उसे तुरंत काबू करके मामला दर्ज कर लिया गया।

साजिश के तहत बेटे को फंसायाः सुच्चा सिंह लंगाह

उधर, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल करके कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके भाई के घर में अखंड पाठ का भोग कार्यक्रम था। जिसके चलते उनका बेटा प्रकाश सिंह दर्जी (टेलर ) के पास अपने कपड़े लेने के लिए जा रहा था। पुलिस ने रोककर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के डीजीपी और गुरदासपुर के एसएसपी डॉ. नानक सिंह का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने उनके बेटे के खिलाफ मामला तो दर्ज किया है लेकिन हेरोइन आदि नहीं डाली। लंगाह के मुताबिक उनके विरोधी उसकी मुसीबतों को बढ़ाने के लिए घटिया राजनीति कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि अकाली सरकार आने पर इसका पूरा हिसाब किया जाएगा। कांग्रेसी बदले की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होने मांग की है कि मामले की फिर से जांच कर झूठा पर्चा रद किया जाए।

chat bot
आपका साथी