DGP व AG को हटाने के मामले में बोले भाजपा महासचिव गुप्ता, कहा- कांग्रेसियों को साढ़े चार साल भ्रष्टाचार दिखाई नहीं दिया

लुधियाना में भाजपा प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू तथा मुख्यमंत्री चन्नी में छिड़े विवाद पर व्यंग्य कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान राजनीतिक ड्रामें से लोगों का ध्यान कांग्रेस की पिछली साढ़े चार वर्ष की नाकामियों से हटा कर अपने लिए जमीन तलाश रही है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 11:34 AM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 11:34 AM (IST)
DGP व AG को हटाने के मामले में बोले भाजपा महासचिव गुप्ता, कहा- कांग्रेसियों को साढ़े चार साल भ्रष्टाचार दिखाई नहीं दिया
लुधियाना भाजपा महासचिव जीवन गुप्त ने सिद्धू व चन्नी में छिड़े विवाद पर व्यंग्य कसा है।

जासं, लुधियाना। लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी, पंजाब के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू तथा मुख्यमंत्री पंजाब चरणजीत सिंह चन्नी में छिड़े विवाद पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि एक तरफ नवजोत सिंह सिद्धू कहते हैं कि पंजाब के डीजीपी और एजी को हटाया जाए नहीं तो मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेंगे। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी डीजीपी व एजी के बचाव में हैं। गुप्ता ने सवाल किया कि क्या सिद्धू तथा मुख्यमंत्री के बीच के विवाद से डीजीपी की नियुक्ति को लेट करवाया जा सकता है? वही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कह रहे हैं कि पैनल केंद्र को भेजा हुआ है। गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस हाई-कमान पंजाब कांग्रेस में जारी राजनीतिक ड्रामें से लोगों का ध्यान कांग्रेस की पिछली साढ़े चार वर्ष की नाकामियों से हटा कर अपने लिए जमीन तलाश रही है।

ऐसे में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से दो किलोवाट तक के पिछले बकाया माफ़ी का नया पैंतरा खेला है। जबकि पंजाब के लोग तथा उद्योग बार-बार सस्ती बिजली की मांग कर रहे हैं। जीवन गुप्ता ने कहा कि उधर उप-मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पिछले दिनों पंजाब पुलिस हेड क्वार्टर में रेड की और कई अधिकारी और मुलाजिमों को लेट पाया, जहां उन्होंने उन सभी को वार्निंग देकर छोड़ दिया। गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या मुलाजिम लेट आएगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। गुप्ता ने कहा कि ऐसे में सरकार की कथनी और करनी में फर्क साफ नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार उपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार में लिप्त है और इसका सबूत है राणा को दोबारा मंत्री बनाया जाना। जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वडिंग की ओर से लुधियाना बस स्टैंड में कुछ प्राईवेट बसों के खिलाफ कार्रवाई करके ट्रांसपोर्ट माफिया के विरुद्ध नकेल कसने के दावे किए जा रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि राजा वडिंग के दावों में कितनी सच्चाई है। क्या पंजाब में बड़े लेवल पर प्रफुल्लित हो चुके ट्रांसपोर्ट माफिया तथा उन्हें चलाने वालों पर राजा वडिंग नकेल कस सकेंगे या क्या सिर्फ छोटे ट्रांसपोर्टरों पर सख्ती करने से पंजाब में ट्रांसपोर्ट माफिया खत्म होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी तो पंजाब में कांग्रेस की ही सरकार थी, तब यह कांग्रेसी मंत्री व विधायक कहाँ सोए हुए थे? क्या तब इन्हें यह ट्रांसपोर्ट माफिया दिखाई नहीं देता था।

जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब की जनता कांग्रेस के इस ड्रामे को बहुत अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर पंजाब की बागडोर भाजपा के हाथ में देने का मन बना चुकी है। भाजपा पंजाब में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार तथा सुशासन देने का पंजाब की जनता से वादा करती है और वह इसे जन-समर्थन से सरकार बना कर अवश्य पूरा करेगी।

chat bot
आपका साथी