बड़ी शातिर निकली पंजाब की ये लड़की, शादी कर आस्ट्रेलिया ले जाने का झांसा दे 12 लाख रुपये ठगे

घंडाबन्ना की ऊषा रानी ने बताया उनका बेटा विदेश जाना चाहता था। श्री मुक्तसर साहिब की पिंजू बाला के साथ उसकी सगाई हुई थी। सगाई के बाद उन्होंने लड़की को अपने खर्च पर ऑस्ट्रेलिया भेजा। वहां जाकर वह रिश्ते से मुकर गई।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Thu, 29 Apr 2021 04:40 PM (IST) Updated:Thu, 29 Apr 2021 04:53 PM (IST)
बड़ी शातिर निकली पंजाब की ये लड़की, शादी कर आस्ट्रेलिया ले जाने का झांसा दे 12 लाख रुपये ठगे
पुलिस ने सोमराज, सुनीता रानी और बेटी पिंजू बाला व दो अन्य पर केस दर्ज किया है। सांकेतिक फोटो

बठिंडा, जेएनएन। शादी कर अपने साथ ऑस्ट्रेलिया ले जाने का झांसा देकर एक युवती ने एक युवक से करीब 12 लाख रुपये ठग लिए। लड़की ने यह ठगी अपने मां-बाप व अन्य रिश्तेदाररों के साथ मिलकर की है। पीड़ित ने अपने साथ हुई इस जालसाजी की शिकायत एसएसपी बठिंडा को दी। पुलिस की ईओ विंग ने पूरे मामले की पड़ताल करने केे बाद आरोपित युवती, उसके मां-बाप समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

थाना फूल पुलिस को शिकायत देकर ऊषा रानी निवासी घंडाबन्ना ने बताया उनका बेटा विदेश जाना चाहता था। आइलेट्स पास नहीं होने के कारण उसका वीजा लगने में काफी दिक्कत आ रही थी। करीब दो साल पहले रामपुरा के रहने वाले जनकराज व उनकी पत्नी सुनीता रानी ने उनके साथ संपर्क किया। दोनों ने उन्हें बताया कि श्री मुक्तसर साहिब के गांव पियुरी के सोमराज व उनकी पत्नी सुनीता रानी उनके रिश्तेदार हैं। उनकी एक बेटी पिंजू बाला है, जोकि आइलेट्स पास है और विदेश जाकर ओर पढ़ना चाहती है। आरोपितों ने झांसा दिया कि वह उनके बेटे की शादी पिंजू बाला से करवा देंगे। वह ऑस्ट्रेलिया जाकर बेटे को अपने पास बुला लेगी।

ऊषा ने बताया कि वे उनके झांसे में आ गए। उन्होंने अपने बेटे का रिश्ता पिंजू बाला के साथ कर दिया। दोनों की सगाई कर दी गई। उन्होंने पिंजू बाला की एडमिशन करवाने से लेकर उसे वहां पर भेजने तक करीब 12 लाख रुपये खर्च किए। फिर, काफी समय बाद भी पिंजू बाला ने न तो उसके बेटे को ऑस्ट्रेलिया बुलाया और न हीं उनके पैसे वापस किए। जब उसने आरोपित युवती के मां-बाप से बातचीत की तो उन्होंने कहां कि बेटी को विदेश भेजना था, सो भेज दिया। अब उनका उनके साथ कोई रिश्ता नहीं है। 

जल्द होगी आरोपितों की गिरफ्तारीः पुलिस

जांच अधिकारी एएसआइ जसविंदर सिंह ने बताया कि शिकायत पर सोमराज, उसकी पत्नी सुनीता रानी, बेटी पिंजू बाला और रामपुरा निवासी जनकराज व उसकी पत्नी सुनीता रानी पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

chat bot
आपका साथी