Punjab Assembly Election 2022: लुधियाना में अश्वनी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को किया बूस्ट, चुनाव के लिए तैयार रहने के निर्देश
Punjab Assembly Election 2022 प्रदेश भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा सोमवार को लुधियाना के दौरे पर हैं। वह विधानसभा हलका पूर्वी पश्चिम उत्तरी एवं दक्षिण में कार्यकर्ता बैठकें कर रहे हैं और उनसे फीडबैक लेकर पार्टी की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab Assembly Election 2022: भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बूस्ट किया और साफ किया कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की जीत के लिए अभी से कार्य शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार की ओर से किए जन कल्याण, राष्ट्र विकास के कार्याें को जन-जन तक पहुंचाएं और लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं। हर बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता की अच्छी पकड़ हो यह सुनिश्चित किया जाए। विधानसभा चुनाव सभी की मेहनत एवं सक्रियता के दम पर ही जीते जा सकते हैं। बैठकों के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए थे।
प्रदेश भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा सोमवार को लुधियाना के दौरे पर हैं। वह विधानसभा हलका पूर्वी, पश्चिम, उत्तरी एवं दक्षिण में कार्यकर्ता बैठकें कर रहे हैं और उनसे फीडबैक लेकर पार्टी की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। सुबह प्राचीन संगला वाला शिवाला मंदिर में माथा टेकने के बाद शर्मा चंडीगढ़ रोड स्थित मोती महल रेस्टोरेंट में पहुंचे। वहां पर हलका पूर्वी के कार्यकर्ताओं की बैठक की।
बैठक में हलका पूर्वी के ताजपुर रोड मंडल, फोकल प्वाइंट मंडल, टिब्बा रोड एवं कैलाश नगर मंडल के पदाधिकारियों से सीधे बात की। पदाधिकारियों से उनकी दिक्कतें पूछी और इलाके के बारे में जानकारी हासिल कर वोटरों के रूख का आंकलन करने की भी कवायद की। शर्मा ने पदाधिकारियों को चुनावों में कार्य करने का होमवर्क भी कराया।
इस अवसर पर भाजपा के पंजाब प्रवक्ता अनिल सरीन, जिला प्रधान पुष्पिंदर सिंगल के अलावा ताजपुर रोड मंडल के प्रधान हरबंस सिंह सलूजा, टिब्बा रोड के प्रधान जसदेव तिवारी, फोकल प्वाइंट के मंडल प्रधान तीर्थ तनेजा और कैलाश नगर के मंडल प्रधान लक्की शर्मा मौजूद रहे। इसके बाद प्रदेश प्रधान ने हैबोवाल के शक्ति विहार में अग्रवाल धर्मशाला स्थित हलका उत्तरी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान भी शर्मा ने पदाधिकारियों एवं वर्करों से राफ्ता कर चुनावी रोडमैप उनके साथ सांझा किया।