एक कामना की पूर्ति असंख्य कामनाओं को जन्म देती है: देवेंद्र सूद

दरेसी रोड स्थित श्री राम शरणम आश्रम में प्रार्थना सभा में सारी संगत ने मिलकर देश की उन्नति और सबके भले के लिए प्रार्थना की।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 27 Feb 2020 05:25 AM (IST) Updated:Thu, 27 Feb 2020 05:25 AM (IST)
एक कामना की पूर्ति असंख्य कामनाओं को जन्म देती है: देवेंद्र सूद
एक कामना की पूर्ति असंख्य कामनाओं को जन्म देती है: देवेंद्र सूद

संस, लुधियाना : दरेसी रोड स्थित श्री राम शरणम आश्रम में प्रार्थना सभा में सारी संगत ने मिलकर देश की उन्नति और सबके भले के लिए प्रार्थना की। भाई देवेंद्र सूद ने कहा कि भगवत गीता में अर्जुन ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रश्न किया कि हे भगवान हर व्यक्ति के मन में इच्छा होती है अच्छा बनने की, तरंग होती है कि गुरु के बताए हुए मार्ग पर चल कर जीवन में कुछ अच्छा करने की। लेकिन फिर भी मनुष्य गिरावट की और चला जाता है। पाप कोई करना नहीं चाहता फिर भी ना चाहते हुए पाप हो जाते हैं।

भगवान श्री कृष्ण ने कहा कि हे अर्जुन इसका कारण है कामना। एक कामना की पूर्ति असंख्य नवीन कामनाओं को जन्म देती है और यही कामनाएं हमारे जीवन की सबसे बड़ी शत्रु बन जाती हैं। उन्होंने कहा कि कामना की पूर्ति के लिए हम बड़े से बड़ा अपराध करने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। कामना कोई भी हो चाहे धन की हो, यश की हो, मान सम्मान की हो इसकी प्रबलता के आगे हम अपने आपको रोक नहीं पाते और जो भी हमें रोकने या समझाने की कोशिश करता है वह हमें हमारा शत्रु लगने लगता है।

उन्होंने कहा कि अपनी आत्मा को जागृत करने के लिए और जीवन को उन्नत करने के लिए हमें प्रभु कृपा और साधन संपन्न गुरु की आवश्यकता है। इस दौरान अंजू धीर, रुचि सूद, कुमार संजीव ने प्रभु भक्ति के रस में भजनों का गायन किया। श्री हनुमान चालीसा के पावन पाठ के साथ प्रार्थना सभा को विश्राम दिया गया।

chat bot
आपका साथी