Punjab Politics: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के कपड़ों पर पंजाब में गर्माई सियासत, जानें मामला
Punjab Politics आम आदमी पार्टी लुधियाना लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी अमनदीप सिंह मोही और शहर अध्यक्ष सुरेश गोयल ने एक संयुक्त बयान में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कपड़ों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी की हालिया टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab Politics: दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के कपड़ों को लेकर पंजाब में राजनीति गरमाने लगी है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केजरीवाल के कपड़ों पर व्यंग्य करते हुए उन्हें अच्छे कपड़े पहनने की सलाह दी थी। यही नहीं उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री को ढाई लाख रुपए वेतन मिलता है उसमें अच्छे कपड़े तो खरीदे जा सकते हैं। चेन्नई के बयान के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस को भेजना शुरू कर दिया है और इस मुद्दे पर अब राजनीति गरमाने लगी है।
आम आदमी पार्टी लुधियाना लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी अमनदीप सिंह मोही और शहर अध्यक्ष सुरेश गोयल ने एक संयुक्त बयान में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कपड़ों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी की हालिया टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। दिल्ली के लोगो ने उनके कपड़ों पर ध्यान न देकर उन्हें 70 में से 63 सीटें फिर से दी हैं और लोगों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों को सराहा गया है।
इस बीच आप नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी को 2017 में कांग्रेस द्वारा किए गए वादों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के साढ़े चार साल बीत जाने के बावजूद हर घर को नौकरी नहीं दी गई है। गरीबी उन्मूलन नहीं किया गया है, नशीले पदार्थों के तस्करों को सलाखों के पीछे नहीं डाला गया है और बेअदबी के अपराधियों को अभी तक दंडित नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की पोशाक पर मुख्यमंत्री टिप्पणी कर रहे हैं, उन्होंने सरकार चलाने के बाद एक बार फिर अपने काम को लोगों तक पहुंचाया है, जिसे जनता ने भारी बहुमत से स्वीकार किया है. इस बीच, आप नेताओं ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या उन्होंने जो किया उसके आधार पर वोट मांगने का साहस दिखा पाएंगे या सिर्फ झूठे बयान देने का सहारा लेंगे।