Fraud In Ludhiana: लुधियाना में तांत्रिक व दो महिलाओं पर चोरी व धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

Fraud In Ludhiana लुधियाना के खन्ना में एक हैरानीजनक मामला सामने आया है। यहां कर्ज उतारने के लिए एक महिला पति और परिवार को बिना बताए मामा-मामी को अपना सोने का हार और किटी सेट दे बैठी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Edited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 06:44 AM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 09:42 AM (IST)
Fraud In Ludhiana: लुधियाना में तांत्रिक व दो महिलाओं पर चोरी व धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानें पूरा मामला
लुधियाना में तांत्रिक व दो महिलाओं पर धोखाधड़ी का केस दर्ज। (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, खन्ना (लुधियाना)। Fraud In Ludhiana: पुलिस ने गांव बीजा की रहने वाली महिला परविंदर कौर की शिकायत पर गोशाला हरनाम नगर की करमजीत कौर, माडल टाउन की हरप्रीत कौर और तांत्रिक राजा के खिलाफ चोरी व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में परविंदर कौर ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015 में उसके पति की मामी करमजीत कौर और मामा गुरदीप सिंह उनकी बेटी जसमीन कौर उनके साथ ही गांव में रहते थे। उनकी बड़ी बेटी अमृत कौर शादीशुदा है।

कर्ज उतारने के लिए वह पति और परिवार को बिना बताए मामा-मामी को अपना सोने का हार और किटी सेट दे बैठी थी। काफी समय बीतने के बाद भी करमजीत कौर ने उसके गहने वापस नहीं किए। करमजीत कौर ने उसे एक तांत्रिक राजा से मिलाया। उसने कहा कि तांत्रिक को दो सोने की अंगूठी दे देना, उसके बेटा पैदा होगा। तांत्रिक ने उसे काला धागा दिया और झोली में फल डाल दिया। उसने तांत्रिक को एक अंगूठी दे दी थी।

इसके बाद उसके घर बेटे ने जन्म लिया। इसके बाद करमजीत कौर और तांत्रिक ने उसे धमकाया कि अगर उसने सोने की दो चूड़ियां नहीं दीं तो वह तंत्र विद्या से खत्म कर देंगे। डर के कारण उसने तांत्रिक को सोने की एक और अंगूठी दे दी। चार सितंबर 2021 की सुबह साढ़े 11 बजे के करीब वह और उसकी सास कमलजीत कौर घर में सो रहे थे। उसने उठकर देखा तो लोहे की अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।

अलमारी में से पति का डेढ़ तोले सोने का कड़ा, दो सोने की अंगूठियां और सोने के कांटे एक घड़ी गायब थी। पड़ताल करने पर पता चला कि यह सारा सामान उसके पति की मामी करमजीत कौर ने अपनी सहेली हरप्रीत कौर से मिलकर चोरी किया है। वह दोनों स्कूटी से उनके घर आई थीं। पुलिस चौकी कोट के इंचार्ज सुखविंदरपाल सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

यह भी पढ़ें-Cyber Crime: NIT के बीटेक व बीकाम ग्रेजुएट ने बनाया गिरोह, ATM कार्ड की क्लोनिंग कर करोड़ों रुपये उड़ाए; सात गिरफ्तार

chat bot
आपका साथी