लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में नाबालिग युवती व युवक लापता, अपहरण की आशंका
लुधियाना में विभिन्न इलाकों से नाबालिग लड़की व युवक संदिग्ध परिस्थितियों के बीच लापता हो गए। तलाश करने पर जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो मामलों की शिकायत पुलिस को दी गई। संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना में विभिन्न इलाकों से नाबालिग लड़की व युवक संदिग्ध परिस्थितियों के बीच लापता हो गए। हर संभावित जगह और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने पर जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो मामलों की शिकायत पुलिस को दी गई। अब संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। थाना हैबोवाल पुलिस ने प्रीतम नगर की गली नंबर 1 निवासी अरुणा रानी की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 9 जून को उसका 24 वर्षीय बेटा करण कुमार अपने स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार होकर गया। मगर लौट कर घर वापस नहीं आया। उसे आशंका है कि किसी ने अपने निजी स्वार्थ के लिए उसे अगवा करके बंधक बना रखा है।
उधर, थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस ने करतार नगर स्थित पिंक फ्लैट्स निवासी पहलवान यादव की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 16 जून को उसकी 15 वर्षीय बेटी अपने छोटे भाई निमेश यादव को ट्यूशन पर छोड़ने के लिए गई थी। मगर उसके बाद लौट कर घर वापस नहीं आई। उसे शक है कि किसी ने अपने किसी फायदे के लिए उसकी बेटी को अगवा करके बंधक बना रखा है।