पंजाब में 17 दिन पहले मानसून पहुंचने से मौसम विज्ञानी भी हैरान, पहले 30 जून तक पहुंचने की थी संभावना

Punjab Weather Alert इस बार पंजाब में मानसून ने 17 दिन पहले ही एंट्री मार दी है। इतनी जल्दी मानसून के पंजाब पहुंचने से मौसम विज्ञानी भी हैरत में हैं। पहले 30 जून या जुलाई के प्रथम सप्ताह में मानसून के पंजाब पहुंचने की संभावना थी।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 08:25 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 03:20 PM (IST)
पंजाब में 17 दिन पहले मानसून पहुंचने से मौसम विज्ञानी भी हैरान, पहले 30 जून तक पहुंचने की थी संभावना
फरीदकोट में रविवार सुबह हुई भारी बारिश से सड़क पर जमा पानी। जागरण

जेएनएन, लुधियाना। पंजाब में इस बार मानसून ने जल्दी दस्तक दे दी है। गत दिवस राज्य के कई जिलों में जमकर बारिश हुई। यह पहली बार हुआ है जब पंजाब में मानसून 17 दिन पहले ही पहुंच गया। इससे मौसम वैज्ञानिक भी हैरान हैं। बारिश से लोगों को इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। 

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के विज्ञानी डा. केके गिल ने बताया कि मानसून हरियाणा से होते हुए पंजाब में दस्तक देता है, लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश से होते हुए अमृतसर पहुंचा है। रविवार को लुधियाना, अमृतसर सहित कई जिलों में बारिश हुई। ऐसा पहली बार हुआ है जब मानसून 13 जून को ही प्रदेश में पहुंच गया है। इससे पहले केवल एक-दो बार 15 जून को मानसून पंजाब पहुंचा था।

एक सप्ताह पहले तक यह पूर्वानुमान था कि मानसून 30 जून या फिर जुलाई के पहले सप्ताह में पंजाब में आएगा। इस बार प्री मानसून भी जून के पहले सप्ताह में ही शुरू हो गया था। अमूमन प्री मानसून की शुरूआत जून के तीसरे सप्ताह में होती थी। किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि मानसून इतनी जल्दी आएगा।

डा. गिल ने कहा कि रविवार को कई जिलों में मानसून की बारिश हुई। 14 जून को भी प्रदेश में बारिश होगी, जबकि 15 जून को कई जिलों में तेज हवाओं के बारिश की संभावना है। मानसून के जल्द आने से धान की रोपाई करने वाले किसानों को फायदा होगा। अमृतसर में 15 मिलीमीटर बारिश इंडिया मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार अमृतसर में 15 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई और अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

हरियाणा में भी मानसून 15 दिन पहले आया है। अक्सर हरियाणा में साउथ वेस्ट मानसून 28 या 29 जून के आसपास आता है। पंजाब से मिलते हरियाणा के क्षेत्रों में मानसून की बारिश हुई है। जो आगे 3 से 4 दिन तक जारी रहेगी। भारत मौसम विभाग की माने तो इस बार पहले से ही मानसून जल्दी आने की उम्मीद थी क्योंकि वातावरणीय परिस्थितियां मानसून के अनुकूल थी। 

chat bot
आपका साथी