हलका लुधियाना उत्तरी में कई परिवार लोक इंसाफ पार्टी में शामिल, प्रधान सिमरजीत सिंह ने किया स्वागत
लुधियाना के विधानसभा हलका उत्तरी के कई परिवारों ने लोक इंसाफ पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी के प्रधान एवं हलका आत्मनगर से विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने एक समारोह के दौरान पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना के विधानसभा हलका उत्तरी के कई परिवारों ने लोक इंसाफ पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी के प्रधान एवं हलका आत्मनगर से विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने एक समारोह के दौरान पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी में शामिल हुए सभी सदस्यों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा।
इस अवसर पर पार्टी के महासचिव, कोर कमेटी सदस्य एवं हलका उत्तरी के प्रभारी रंधीर सिंह सीबिया खास तौर पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधान सिमरजीत सिंह बैंस ने कहा कि पार्टी की नीतियों पर चलने वालों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने वालों का पार्टी में स्वागत है। बैंस ने कहा कि लोक इंसाफ पार्टी की सोच अन्य पारंपरिक राजनीतिक दलों से अलग है। पार्टी पंजाब, पंजाबियत के हितों को सुरक्षित करने में विश्वास रखती है। इसके अलावा भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा रहा है। पारंपरिक दलों ने सूबे को लाखों करोड़ रुपये के कर्ज में धकेल दिया है। हर पंजाबी के सिर पर लाखों रुपये का कर्ज है।
उन्होंने कहा कि लोक इंसाफ पार्टी की सोच सूबे को कर्ज मुक्त करने में है। अगले विधानसभा चुनावों मेें लोग नए विकल्प पर विचार कर रहे हैं। साफ है कि अगले चुनाव के बाद सत्ता की चाबी लिप के पास होगी। महासचिव रंधीर सिंह सीबिया ने कहा कि पार्टी की नीतियों को देखते हुए ही लोग लिप में आ रहे हैं। इस अवसर पर सोहन शर्मा, विशाल कश्यप, दविंदर सिंह, सुरजोत सिंह, गगनदीप सिंह, लखविंदर सिंह, वरिंदर कुमार, मोहित शर्मा, जगमोहन सिंह, बलविंदर सिंह समेत कई पदाधिकारी एवं वर्कर मौजूद रहे।