मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसा बदमाश, नशीली चाय पिला बुजुर्ग के जेवर व नकदी ले उड़ा

किचलू नगर की 75 वर्षीय शीतल कौर ने बताया कि आरोपित ने धोखे से उनकी चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया था। उनके बेहोश होने के बाद वह आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गया।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Thu, 23 Jan 2020 12:51 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jan 2020 04:45 PM (IST)
मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसा बदमाश, नशीली चाय पिला बुजुर्ग के जेवर व नकदी ले उड़ा
मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसा बदमाश, नशीली चाय पिला बुजुर्ग के जेवर व नकदी ले उड़ा

लुधियाना, जेएनएन। इंग्लैंड से दो महीने के लिए घर पर आई बुजुर्ग एनआरआई महिला को एक ठग लूट ले गया। वह मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसा। घटना किचलू नगर की है। 75 वर्षीय शीतल कौर ने घर किराये पर देने का बोर्ड लगाया हुआ था। गत दिवस एक व्यक्ति मकान देखने पहुंचा। बातचीत के दौरान वह उसके लिए चाय बना लाई तो उसने बहाने से उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दी। उनके बेहोश होने के बाद वह लाखों रुपये आभूषण और नकदी चोरी कर भाग गया। थाना पीएयू की किचलू नगर चौकी पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपित का चेहरा कैद हो गया है।

एएसआई सुखदीप सिंह ने बताया कि शीतल कौर (75) की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि वह इंग्लैंड में रहती है। सर्दियों में वो दो महीने अपनी 100 वर्षीय माता के साथ भारत आ जाती हैं।

इस बार उन्होंने घर का ऊपरी हिस्सा किराए पर देने का बोर्ड बाहर लगाया था। इसे पढ़कर 16 जनवरी को आरोपित उनके पास आया। ऊपर का पोर्शन देखकर वह वापस चला गया। उसके बाद वह 18 जनवरी को फिर आया। उसने कहा कि उसकी मां भी मकान देखना चाहती है। इस समय वह पीछे वाले गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक रही हैं। जल्द ही आ जाएंगी। उसकी बातों में आई शीतल ने उसे बाहर लॉबी में बिठाया। उस समय उनकी मदर अंदर बेड पर लेटी हुईं थीं।

गला खराब होने का बहाना बनाया

शीतल ने बताया कि उन्होंने उसके लिए चाय बनाई। चाय पीने से पहले उसने कहा कि उसका गला खराब है। वह चाय में नमक डाल कर पीएगा। उसकी बात सुन वह नमक लेने किचन में चली गई। उसी दौरान आरोपित ने उनकी चाय के कप में कोई नशीली वस्तु मिला दी। चाय पीते ही वह बेहोश हो गईं। इसके बाद आरोपित उसके हाथ में पहने तीन तोले सोने के दोनों कंगन, एक तोला सोने की अंगूठी और उनके पर्स में रखी 31 हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। एएसआई सुखदीप ने कहा कि आरोपित की फोटो सभी थानों को भेज दी गई है। उसकी तलाश के लिए विभिन्न जगहों पर रेड की जा रही है। जल्दी ही उसे काबू कर लिया जाएगा।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी