लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक का काम करने वाला युवक नहर में डूबा, शव बरामद
दुगरी नजदीक बुधवार की सुबह एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूब गया जिसका शव कुछ समय बाद नहर से ही बरामद हो गया। मृतक की पहचान गो¨वदसर कालोनी शिमलापुरी निवासी परमजीत सिंह के रूप में हुई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। दुगरी नजदीक बुधवार की सुबह एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूब गया, जिसका शव कुछ समय बाद नहर से ही बरामद हो गया। मृतक की पहचान गोविंदसर कालोनी शिमलापुरी निवासी परमजीत सिंह के रूप में हुई। थाना माडल टाउन की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी एएसआइ बलदेव सिंह ने बताया कि परमजीत सिंह इलेक्ट्रॉनिक का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं और दोनों शादीशुदा हैं। परमजीत शराब पीने लगा था। बुधवार की सुबह घर से निकला और दुगरी नहर के पास जाकर बैठ गया।
वहां वह संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिर गया। लोगों ने देखकर कंट्रोल रूम पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने व्यक्ति को तलाशना शुरू किया। कुछ समय बाद कुछ दूरी पर ही उसका शव नहर से ही बरामद हो गया। मृतक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके जरिये उसकी पहचान संभव हो सकी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतक के बेटे पुनीत के बयानों पर धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।