लुधियाना में युवक को शराब के नशे में एयरगन चलाना पड़ा महंगा, गाेली छत से टकराकर छाती में लगी

16 अप्रैल की रात 9 बजे प्रीत विहार के रोशन लाल के घर में युवकों ने पार्टी रखी थी। इसमें जगदीप दिलीप उर्फ दीपा व अन्य लोग शामिल हुए। शराब के नशे में जगदीप ने एयरगन चला दी जिसकी गोली छत में लगने के बाद उसकी छाती में जा लगी।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 03:49 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 03:49 PM (IST)
लुधियाना में युवक को शराब के नशे में एयरगन चलाना पड़ा महंगा, गाेली छत से टकराकर छाती में लगी
जगदीप सिंह ने शराब के नशे में एयरगन चला दी थी। गोली छाती में लगने से वह घायल हो गया।

लुधियाना, जेएनएन। हैबोवाल इलाके में शराब पीकर शरारत कर रहे युवक को एयरगन चलाना महंगा पड़ा है। गोली छत से पलटकर उसकी छाती में जा धंसी। गंभीर हालत में इलाज के लिए उसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एएसआइ हरमेश लाल ने बताया कि घायल की पहचान लाडोवाल के रहने वाले जगदीप सिंह (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने जगदीप और प्रीत विहार (हैबोवाल) के एयरगन मालिक रोशन लाल के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

16 अप्रैल को डीएमसी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक को गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच पड़ताल करने पहुंची पुलिस को पता चला कि 16 अप्रैल की रात 9 बजे प्रीत विहार के रोशन लाल के घर में युवकों ने पार्टी रखी थी। इसमें जगदीप, दिलीप उर्फ दीपा व अन्य लोग शामिल हुए थे। मकान की तीसरी मंजिल पर शराब पीने के बाद वे लोग शरारत करने लगे। वहीं रोशन लाल की एयरगन पड़ी थी। इसे उठा कर युवकों ने फोटो खिंचवाने शुरू कर दिए। इसी बीच गन जगदीप ने पकड़ ली। उसने गन का मुंह छत की और घुमा कर फायर कर दिया। उसमें से निकली गोली छत के लेंटर से टकरा कर उसकी छाती में जा लगी।

हरमेश लाल ने बताया कि दिलीप उर्फ दीपा के पिता की सलेम टाबरी में ज्वेलरी शॉप है। दीपा की लाडोवाल में ज्वेलरी शॉप है। रोशन और जगदीप उसी दुकान में काम करते हैं। पड़ताल में पता चला है कि रोशन का परिवार पहले असलहा बेचने का काम करता था। इसी कारण उसके घर में एयरगन पड़ी थी। उस गन का लाइसेंस है या नहीं, इस बात का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल जगदीप की हालत ठीक न होने के कारण उसका बयान नहीं लिया जा सका है।

chat bot
आपका साथी