प्रेमी ने ही उतारा था प्रेमिका के पति को मौत के घाट, लुधियाना में सुलझी 4 महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी

पुलिस का दावा है कि आरोपित तेजिंदर सिंह गोलडी निवासी भटि्टयां राजू की पत्नी से प्रेम करता था। उसी ने गांव माजरी (मोरिंडा) के राजू सिंह की हत्या कर शव खुर्द-बुर्द कर दिया था। पुलिस ने राजू के साले संतोष कुमार के बयान पर केस दर्ज किया है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 01:55 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 09:49 PM (IST)
प्रेमी ने ही उतारा था प्रेमिका के पति को मौत के घाट, लुधियाना में सुलझी 4 महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी
माछीवाड़ा के राजू सिंह की फाइल फोटो।

संवाद सहयोगी, श्री माछीवाड़ा साहिब (लुधियाना) माछीवाड़ा पुलिस ने 4 महीने लापता हुए राजू सिंह के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा ली है। पुलिस का दावा है कि आरोपित तेजिंदर सिंह गोलडी निवासी भटि्टयां राजू की पत्नी से प्रेम करता था। उसी ने गांव माजरी (मोरिंडा) के राजू सिंह की हत्या कर शव खुर्द-बुर्द कर दिया था। पुलिस ने राजू के साले संतोष कुमार के बयान पर केस दर्ज किया है। 

संतोष ने पुलिस को बताया कि वह गांव जस्सोवाल का रहने वाला है। उसकी बहन पूजा कौर का विवाह राजू सिंह के साथ हुआ था। उनके दो 2 बेटियां हैं। करीब 2 वर्ष पहले बहन पूजा बच्चों समेत पति को छोड़कर तेजिंदर सिंह गोलडी के साथ रहने लगी। एक महीने बाद ही वह फिर पति के पास चली गई। अप्रैल, 2021 में पूजा दोबारा पति राजू को छोड़ तेजिंदर के पास चली गई और फिर माछीवाड़ा में आकर रहने लगी। जीजा राजू उसकी काफी तलाश करता रहा। उसने मोरिंडा थाने में पूजा और बच्चों की गुमशुदगी रिपोर्ट भी लिखाई।

संतोष के अनुसार 13 मई को रिक्की लक्खोवाल के फोन से राजू सिंह को फोन आया कि उसकी घरवाली पूजा बच्चों समेत तेजिंदर सिंह गोलडी के साथ इंद्रा कालोनी में रह रही है। उन्हें आकर ले जाए। इस पर जीजा राजू कोहाड़ा रोड़, माछीवाड़ा गया। वहां उसने उसे भी बुलाया। 13 मई को रात 8 बजे तेजिंदर सिंह गोलडी पैदल उनके पास आया और जीजा राजू को यह कहकर साथ ले गया कि उसकी पत्नी व बच्चों को लेकर आना है। उसे वहीं रुकने के लिए कह दिया। इसके बाद वह करीब एक घंटा माछीवाड़ा में जीजा का इंतजार करता रहा। फिर, उसका फोन नंबर बंद आने लगा। 

संतोष कुमार ने बताया कि जब उसने रिक्की लक्खोवाल को फोन किया तो उसने बताया कि यहां लड़ाई हुई है। तुम्हारा जीजा राजू पत्नी व बच्चों को लेकर यहां से चला गया है। संतोष ने बताया कि वह और उसका परिवार जीजा राजू की काफी तलाश करते रहे परंतु जब उसका सुराग न लगा तो उन्होंने माछीवाड़ा थाना में गुंमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। संतोष ने कहा कि उसे पता चला है कि तेजिंदर सिंह गोलडी और रिक्की लक्खोवाल ने जीजा राजू सिंह का कत्ल कर लाश खुर्द-बुर्द कर दी है। पुलिस ने इन दोनों के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपितों को गिरफ्तार कर लाश बरामद करेगी पुलिस

थाना माछीवाड़ा प्रमुख विजय कुमार ने बताया कि तेजिंदर सिंह गोलडी और रिक्की लक्खोवाल को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजू सिंह के शव को बरामद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा होगा कि उन्होंने राजू सिंह का कत्ल क्यों किया।

chat bot
आपका साथी