गांव रसूलड़ा में किशोर पर ईंटों से हमला कर किया जख्मी

खन्ना सदर थाने के अधीन आते गांव रसूलड़ा में एक किशोर पर कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। इस हमले में किशोर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 11:00 PM (IST)
गांव रसूलड़ा में किशोर पर ईंटों से हमला कर किया जख्मी
गांव रसूलड़ा में किशोर पर ईंटों से हमला कर किया जख्मी

जागरण संवाददाता, खन्ना : खन्ना सदर थाने के अधीन आते गांव रसूलड़ा में एक किशोर पर कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। इस हमले में किशोर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे खन्ना सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

किशोर गुरचरण सिंह निवासी रसूलड़ा के बड़े भाई सुखचरण सिंह ने बताया कि उसके भाई गुरचरण को उसके दोस्त कार से उतारकर अभी घर के बाहर छोड़कर ही गए थे कि वहां पर पहले से हमले की योजना बनाकर खड़े उनके गांव के कुछ लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इन हमलावरों के साथ ही एक दुकानदार भी था। उसने सबसे पहले आकर उसके भाई के सिर में ईंट से हमला कर दिया। इससे गुरचरण लहूलुहान हो गया। इसके बाद अन्य हमलावरों ने लाठियों, दात तथा ईंटों से उसके भाई पर एक के बाद कई वार किए।

सुखचरण के अनुसार शोर सुनकर जब लोग इकट्ठे हुए तो इसी बीच उसका भाई भागकर एक घर में घुस गया। जहां से उसने अपने दोस्तों को फोन कर सूचित किया। हमलावर उसे जान से मारने की धमकियां देते मौके से फरार हो गए। उसने अपने भाई को सिविल अस्पताल खन्ना में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

मामले की जांच कर रहे एएसआइ अवतार सिंह ने कहा कि फिलहाल डाक्टरों ने गुरचरण सिंह को अनफिट करार दिया है। जिसके चलते उसके बयान नहीं लिए जा सके। बयान लेने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी