पावर सप्लाई की खराब हालत के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां ब्लाक मलौद और दोराहा के गांवों के किसानों ने पावर सप्लाई की खराब हालत से खफा होकर पावरकाम के खिलाफ मलौद में प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, खन्ना : भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां ब्लाक मलौद और दोराहा के गांवों के किसानों ने पावर सप्लाई की खराब हालत से खफा होकर पावरकाम के खिलाफ मलौद में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने मांग की कि सरकार द्वारा की गई घोषणाओं के मुताबिक धान की बिजाई के लिए कम से कम आठ घंटे लगातार बिजली सप्लाई दी जाए। जल चुके ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदला जाए, नए ट्रांसफार्मर व अन्य सामान जल्द जारी किया जाए, फीडर में खराबी होने का मुआवजा दिया जाए, बिजली विभाग में खाली पद तुरंत भरे जाए, विभाग में फैला भ्रष्टाचार बंद किया जाए।
यूनियन के जिला महासचिव सौदागर सिंह घुडाणी ने सरकार व बोर्ड मैनेजमेंट को खराब व्यवस्था के लिए जिम्मेवार ठहराया। बलवंत सिंह घुडाणी ने कहा कि सूखे की हालत में सरकार किसानों का साथ नहीं देना नालायकी है। बारिश नहीं होने की हालत में बिजली सप्लाई बढ़ाने के बजाय दो-तीन घंटे ही दी जा रही है। किसान महंगे दाम का डीजल फूंकने को मजबूर हैं। किसान ब्याज पर कर्ज लेकर फसलों को पाल रहे हैं।
किसान नेताओं ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि इन मसलों का हल जल्द निकाला जाए वरना वे संघर्ष को मजबूर होंगे। इस अवसर पर कुलवीर सिंह सियाड़, बूटा सिंह, रवणजीत घलोटी, कमिक्कर सिंह खटड़ा, मनजीत सिंह बुटाहारी, बलदेव सिंह जीरख, जसवीर सिंह खटड़ा, हरप्रीत सिंह लहल, तरसेम सिंह कूहली खुर्द, शैरी सिहोड़ा, राजिदर सिंह सियाड़ ने भी संबोधित किया।