लुधियाना की मलौद अनाज मंडी में भिड़े प्रदर्शनकारी और कांग्रेसी, ईट-पत्थर चले; कई लाेग घायल
अनाज मंडी में लोक जगाओ मंच के नेता गुरदीप सिंह काली के नेतृत्व में गरीबों की जमीन राजनीतिक शह पर कब्जा करने के आरोप के साथ धरना लगाया गया था। इसके साथ ही नशे पर लगाम कसने की मांग काली और उनके समर्थक कर रहे थे।
खन्ना, (लुधियाना) जेएनएन। मलौद की अनाज मंडी में चल रहे एक धरने के दौरान बुधवार काे प्रदर्शनकारियों और कांग्रेसियों में तीखी झड़प हो घई। इस दौरान, लाठी, डंडे से लेकर हथोड़े व ईट-पत्थर तक चले। पुलिस के सामने ही हुई इस खूनी झड़प में कईं लोग घायल हो गए। मामले को लेकर इलाके में काफी तनाव पैदा हो गया है। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
अनाज मंडी में लोक जगाओ मंच के नेता गुरदीप सिंह काली के नेतृत्व में गांवों में गरीबों की जमीन राजनीतिक शह पर कब्जा करने के आरोप के साथ धरना लगाया गया था। इसके साथ ही कई और मामलों में इंसाफ दिलाने और नशे पर लगाम कसने की मांग काली और उनके समर्थक कर रहे थे। धरने को संबोधित करने की जैसे ही काली ने शुरुआत की तो मौके पर कांग्रेस नेता राजिंदर सिंह काका रोड़ियां के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग आ पहुंचे। वे लोग काली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और उन पर झूठा प्रोपेगंडा करने का आरोप लगाया। काका ने मंच पर पहुंच कर काली से हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान दोनों की पगड़ियां उतर गई।
काली वहां से निकल कर पायल सिविल अस्पताल में दाखिल हो गए और उनके पीछे से प्रदर्शनकारियों पर काका के साथ आए लोगों ने ईंटें, पत्थर और लाठियों के साथ हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार काली, काका समेत दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में दाखिल हैं। डीएसपी हरदीप सिंह चीमा का कहना था किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शांतमयी धरने के दौरान हुआ हमला : काली गुरदीप सिंह
काली ने कहा कि उनकी तरफ से शांतमयी धरना दिया जा रहा था। कांग्रेसी नेता अपने लोगों के साथ राजनीतिक और पुलिस की शह पर आ गए और उन पर हमला कर दिया। आजादी के 72 साल बाद भी एससी नेताओं को बोलने का हक इस देश में नहीं है। अगर इंसाफ नहीं मिला तो वे विधायक के घर के बाहर धरना देंगे।
जात-पात का जहर घोल रहे काली : काका
काका ने कहा कि गुरदीप लोगों में जात-पात का जहर घोल रहे हैं। मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। काली को पहले ही भाईचारे के खिलाफ कोई काम करने से मना किया था। वे मामले के सबूत काली को दिखाने गए थे। हमला दूसरी तरफ से किया गया। किसी तरह से शहर का माहौल नहीं खराब होने दिया जाएगा। अकाली दल संयुक्त ने की निंदा, काली से मिले शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के उप प्रधान जत्थेदार सुखवंत सिंह टिल्लू ने कांग्रेस नेताओं द्वारा काली व अन्य लोगों पर किए हमले की निंदा की और सिविल अस्पताल में काली व अन्य घायलों से मुलाकात भी की। टिल्लू ने कहा कि कांग्रेस सिखों की दुश्मन पार्टी है। अब एससी वर्ग पर भी अत्याचार बढ़ रहे हैं। शांतमयी ढंग से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हमला लोकतंत्र के खिलाफ है। इसे सहन नहीं किया जा सकता।