Ludhiana Corona Vaccination: लुधियाना में बुजुर्गों ने दिखाया वैक्सीन पर भरोसा, 353 ने लगवाया टीका

Ludhiana Corona Vaccination लुधियाना में पहले दिन 60 साल से अधिक उम्र के 353 और गंभीर बीमारी से जूझ रहे 126 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। आम लोगों के लिए शुरू हुए टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत डीसी वरिंदर शर्मा ने डीएमसी अस्पताल से की।

By Rohit KumarEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 09:34 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 12:18 PM (IST)
Ludhiana Corona Vaccination: लुधियाना में बुजुर्गों ने दिखाया वैक्सीन पर भरोसा, 353 ने लगवाया टीका
आम लोगों के लिए शुरू हुए टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत डीसी वरिंदर शर्मा ने डीएमसी अस्पताल से की।

लुधियाना, जेएनएन। साठ साल से अधिक उम्र के लोगों और 45 साल से अधिक उम्र के गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए टीकाकरण का तीसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन 60 साल से अधिक उम्र के 353 और गंभीर बीमारी से जूझ रहे 126 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। आम लोगों के लिए शुरू हुए टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत डीसी वरिंदर शर्मा ने डीएमसी अस्पताल से की। इसके अलावा सोमवार को 83 हेल्थ केयर वर्कर्स ने वैक्सीन की पहली और 884 ने दूसरी डोज लगवाई। 155 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने भी वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। जिले में 16 सेशन साइट पर कुल 1601 लोगों को टीका लगाया गया।

वैक्सीनेशन में बाधा : तीन घंटे सर्वर रहा बंद
टीकाकरण के तीसरे चरण के पहले दिन सिविल अस्पताल में सर्वर डाउन हो गया। इस कारण बुजुर्गों को वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल में तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। अस्पताल के स्टाफ के अनुसार कंप्यूटर काम नहीं कर रहे थे, जिस कारण कोविन पोर्टल खुल नहीं रहा था। इसके बाद उच्च अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया और अस्पताल पहुंचे बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई गई। कुछ बुजुर्गों को मंगलवार का समय दिया गया। एसएमओ डाक्टर अमरजीत कौर का कहना है कि सुबह सर्वर डाउन होने के कारण लोगों को इंतजार करना पड़ा। उच्च अधिकारियों के ध्यान में मामला लाने के बाद सिस्टम में सुधार हुआ और वैक्सीन लगाई गई।

इंतजार का पल ...
- माधोपुरी के रहने वाले 62 वर्षीय होजरी व्यापारी राजिंदर कुमार का कहना था कि उन्हें अखबार पढ़कर पता चला था कि अस्पताल में एक मार्च से वैक्सीन लगाई जाएगी। वह सुबह नौ बजे से अस्पताल में बैठे हैं। सर्वर डाउन होने के कारण तीन घंटे इंतजार करना पड़ा।

-दुगरी के 64 वर्षीय मांगा राम का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण उन्हें वैक्सीन नहीं लग पाई। तीन घंटे इंतजार करने के बाद वह काम पर भी नहीं जा पाए। उन्हें वैक्सीनेशन के लिए मंगलवार को दोबारा बुलाया गया है।

-छावनी मोहल्ला के 72 वर्षीय भीमशाम शर्मा ने बताया कि वह सिविल अस्पताल में रजिस्ट्रेशन करवाने आए थे। उन्हें पता चला कि सर्वर डाउन है। इस कारण उन्हें बिना रजिस्ट्रेशन ही लौटना पड़ रहा है।

-डीएमसी अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के बाद 60 वर्षीय राज कुमार ने कहा कि उन्होंने सुबह 11:30 बजे वैक्सीन लगवाई थी। आधे घंटे तक वेटिंग रूम में रहने बाद भी वह बिलकुल ठीक हैं।

टूटे नियम : नहीं हुआ शारीरिक दूरी का पालन

वैक्सीन लगवाने आए हेल्थ वर्कर, नगर निगम मुलाजिम और पुलिस कर्मचारी अस्पताल में भी शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते नहीं दिखे। कर्मचारियों में तीन घंटे तक इंतजार के कारण रोष भी था। कुछ मुलाजिम तो वैक्सीन लगाने वाले कमरे में जबदस्ती धक्का देकर अंदर घुस आए।

chat bot
आपका साथी