JEE Mains Result 2021: बठिंडा के पुलकित को देश भर में पहला स्थान, IIT Mumbai से कंप्यूटर साइंस पढ़ने का है सपना

JEE Mains Result में बठिंडा के पुलकित गोयल देश भर में पहला स्थान पाने वाले छात्रों में शामिल हैं। नतीजे की घोषणा होते ही उनके घर फोन पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। पुलकित के पिता विजय गोयल कारोबारी हैं।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 04:16 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 06:01 PM (IST)
JEE Mains Result 2021: बठिंडा के पुलकित को देश भर में पहला स्थान, IIT Mumbai से कंप्यूटर साइंस पढ़ने का है सपना
बठिंडा के पुलकित गोयल का सपना आईआईटी मुंबई से सीएस ब्रांच में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना है।

ज्योति बबेरवाल, बठिंडा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से बुधवार को घोषित जेईई मेंस सेशन-4 के नतीजों में बठिंडा के पुलकित गोयल ने देश भर में पहला स्थान हासिल किया है। वह पहले स्थान पर रहने वाले देश के 44 विद्यार्थियों में शामिल हैं। नतीजे की घोषणा होते ही उनके घर फोन पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। नामदेव रोड पर रहने वाले पुलकित के पिता विजय गोयल ने बताया कि उन्हें पूरा यकीन था कि उनका बेटा अच्छे अंक लेकर इस परीक्षा में पास हाेगा। मां नीलम गोयल ने बताया कि पुलकित के पहला स्थान हासिल करने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि पुलकित पूरे देश में अच्छी पोजिशन हासिल कर यह परीक्षा पास करेगा।

पुलकित को कड़ी मेहनत और दृढ़ता का परिणाम उसे तब मिला जब उन्होंने देश भर में नंबर वन रहने का लक्ष्य पूरा कर लिया। न केवल वह अच्छी अंक प्राप्त करने में सफल रहा है बल्कि उसने अपने नाम पर जेईई मेन 2021 रैंक-1 का टैग भी लगवा लिया।

दसवीं में किया स्कूल टाप

पुलकित का जन्म वर्ष 2003 में हुआ था। उसने 12वीं में 94.8 प्रतिशत और दसवीं में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। पिता विजय गोयल एक व्यवसायी हैं जबकि मां गृहिणी हैं। सेंट जोसफ स्कूल के अध्यापक गुरप्रीत आर्टिस्ट ने बताया कि पुलकित ने अपनी पढ़ाई सेंट जाॅसफ स्कूल से हासिल की थी। उसने दसवीं में स्कूल में टॉप किया था। इसके बाद जेईई की परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा में दाखिला लिया था। पुलकित ने बताया उसका पहला लक्ष्य जेईई मेन्स 2021 को क्रैक करना था। संयोग से उन्होंने पहले प्रयास में ऐसा किया।

रोजाना 7-8 घंटे सेल्फ स्टडी से मिली सफलता

पुलकित ने सभी विषयों की नींव मजबूत करने पर जोर दिया। वह रोजाना सात से आठ घंटे सेल्फ स्टडी करता था। मनोरंजन के लिए उन्होंने अपने परिवार के साथ समय बिताया। उनका लक्ष्य जेईई एडवांस्ड क्रैक करना और आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस ब्रांच में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना है।

chat bot
आपका साथी