पूर्व एसएचओ बलजिंदर का आइसोलेशन पीरियड खत्म, भेजा जाएगा जेल

पूर्व एसएचओ बलजिंदर सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसका आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Sep 2020 08:31 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 03:45 AM (IST)
पूर्व एसएचओ बलजिंदर का आइसोलेशन पीरियड खत्म, भेजा जाएगा जेल
पूर्व एसएचओ बलजिंदर का आइसोलेशन पीरियड खत्म, भेजा जाएगा जेल

जागरण संवाददाता, खन्ना : पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को थाने में निर्वस्त्र करने, उनकी वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोपित खन्ना सदर थाना के पूर्व एसएचओ बलजिंदर सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसका आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया है। किशनगढ़ स्थित आइसोलेशन सेंटर में उपचाराधीन बलजिंदर के जेल जाने का रास्ता भी साफ हो गया है। बलजिदर को जल्द ही पटियाला की जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि पुलिस रिमांड के बाद जेल भेजने से पहले नियमानुसार बलजिदर का कोरोना टेस्ट खन्ना पुलिस ने कराया था। 12 सितंबर को बलजिदर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि, बलजिदर की दोबारा कोरोना जांच के आदेश खन्ना की अदालत ने दिए थे। इस पर 19 सितंबर को बलजिंदर का दोबारा सैंपल लिया गया। लेकिन उस पर खबर यह आई कि बलजिदर का सैंपल जिस शीशी में भेजा था वह शीशी ही लैब को खाली मिली है। हालांकि, खन्ना सिविल अस्पताल इससे न तो इंकार कर रहा है और न ही स्वीकार।

इसी बीच शुक्रवार को सेहत विभाग की तरफ से खन्ना पुलिस को सूचना दी गई है कि बलजिदर सिंह का आइसोलशन पीरियड खत्म हो गया है। इसलिए प्रोटोकाल के अनुसार उसे डिस्चार्ज किया जाना है।

बलजिंदर को पटियाला जेल में शिफ्ट करने की तैयारी खन्ना पुलिस ने शुरू कर दी। एसआइटी के सदस्य एसपी (एच) तेजिंदर सिंह संधू ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बलजिंदर सिंह को शनिवार को पटियाला जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। सिटी 1 थाना के एएसआइ जगतार सिंह ने बताया कि डिस्चार्ज की सूचना के बाद वे बलजिदर सिंह को लेने आइसोलेशन सेंटर गए थे। लेकिन सेहत विभाग ने शनिवार तक उन्हें बलजिंदर सिंह के नेगेटिव होने की पुष्टि का इंतजार करने को कहा है। अब वह शनिवार को दोबारा वहां जाएंगें।

नोडल अफसर का फिर गोलमोल जवाब

खन्ना सिविल अस्पताल के कोरोना नोडल अफसर डॉ. हरविंदर सिंह ने शुक्रवार को भी मामले में गोलमोल जवाब दिया है। डॉ. सिंह ने कहा कि सैंपल रिपोर्ट संबंधी कोई स्पष्ट जवाब उन्हें सिविल सर्जन दफ्तर की तरफ से नहीं आया है। अदालत ने कोरोना टेस्ट संबंधी पहले एसएमओ खन्ना को आदेश दिए थे। इस कारण सैंपल उन्होंने लिया था। लेकिन, किशनगढ़ आइसोलेशन सेंटर पायल सिविल अस्पताल के अधीन आता है। अब आगे वहीं देखेंगे। डा. सिंह ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सैंपल की शीशी खाली पहुंचना संभव है।

chat bot
आपका साथी