वीडियो वायरल कर नहर में छलांग लगाने वाला लुधियाना की महिला सरपंच का पति जिंदा मिला, पहले भी हो चुका लापता
पंजाब के माछीवाड़ा के गांव बुर्ज पवात में महिला सरपंच के पति ने वीडियो वायरल करने के बाद नहर में छलांग ली थी। परिवार वाले उसकी तलाश में थे। इसी दौरान वह कुछ ही दूरी पर नहर किनारे जिंदा मिला।
गुरदीप, श्री माछीवाड़ा साहिब (लुधियाना)। माछीवाड़ा ब्लाक अधीन पड़ते गांव बुर्ज पवात की सरपंच जसवीर कौर के पति जोगा सिंह ने दो दिन पूर्व नहर में छलांग लगा दी थी। नहर में छलांग लगाने से पहले जोगा सिंह ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि वह दो लोगों से परेशान होकर नहर में छलांग लगा रहा है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई थी। परिवार भी मान बैठा था कि जोगा सिंह आत्महत्या कर चुका है, लेकिन परिवार वाले जब शव की तलाश कर रहे थे तो वह गढ़ी पुल के निकट बेहोशी की हालत में जिंदा मिला है।
सरपंच जसवीर कौर ने बताया कि वह अपने पति जोगा सिंह की पारिवारिक सदस्यों के साथ नहर किनारे तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसने देखा कि जोगा सिंह गढ़ी पुल से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ के नीचे फंसा हुआ है। जोगा सिंह बेसुध हालत में था। परिवार द्वारा जोगा सिंह को सिविल अस्पताल समराला में दाखिल करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सरपंच जसवीर कौर ने बताया कि उसका पति अभी बेसुध हालत में है, जो कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उसने नहर में छलांग क्यों मारी और कैसे वह बचा इस संबंध में उसे होश में आने के बाद ही पता चलेगा। बता दें, इससे पहले जुलाई 2020 में भी जोगा सिंह लापता हो गया था। उस समय पारिवारिक सदस्यों ने माछीवाड़ा थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। उस समय भी आशंका जताई जा रही थी कि जोगा सिंह ने आत्महत्या कर ली है, लेकिन बाद में वह जिंदा मिल गया था। इसी तरह अब फिर जोगा सिंह दूसरी बार जिंदा मिल गया। मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार संतोख सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान जोगा सिंह के बयान दर्ज किए जाएंगे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें