ओमिक्रोन अलर्ट: दुबई से लाैटे काराेबारी के पाजिटिव आने से हड़कंप, सेहत विभाग ने 150 यात्रियाें के सैंपल जांच काे भेजे

ओमिक्रोन अलर्ट विभाग ने विदेश से लौटे करीब एक हजार लोगों में से करीब 150 के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट का इंतजार है। सिविल सर्जन ने बताया कि अब तक जिन लोगों की सूची पहुंची है उन्हें ट्रेस किया जा रहा है।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 10:56 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 03:41 PM (IST)
ओमिक्रोन अलर्ट: दुबई से लाैटे काराेबारी के पाजिटिव आने से हड़कंप, सेहत विभाग ने 150 यात्रियाें के सैंपल जांच काे भेजे
लुधियाना में विदेश से आए यात्री बने सेहत विभाग के लिए परेशानी। (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, लुधियाना। Omicron Variant Alert! दुबई से लौटे हैबोवाल कलां के 42 वर्षीय काराेबारी के कोच्चि एयरपोर्ट पर कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद सेहत विभाग चौकन्ना हो गया है। विभाग की टीम ने उक्त व्यक्ति के घर जाकर जानकारी जुटाई। परिवार के अनुसार कारोबार के सिलसिले में वह अकेला ही दुबई गया था। वह और कहीं नहीं गया है। सेहत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दुबई ओमिक्रोन प्रभावित देशों की सूची में नहीं आता है।

विभाग ने विदेश से लौटे करीब एक हजार लोगों में से करीब 150 के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट का इंतजार है। सिविल सर्जन डा. एसपी सिंह ने बताया कि उनके पास अब तक जिन लोगों की सूची पहुंची है उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। बहुत से लोगों के मोबाइल नंबर बंद हैं और कुछ के गलत हैं। इससे दिक्कत पेश आ रही है।

रैपिड रिस्पांस टीमें इन यात्रियों के घर जाएंगी। अगर वह दिए गए पते पर नहीं मिले तो जिला प्रशासन की मदद लेंगे। हालांकि एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के कारण ट्रेसिंग में समय लग रहा है। कुछ यात्रियों के मोबाइल बंद और कई के नंबर गलत आ रहे हैं। विभाग जांच व होम क्वारंटाइन में आनाकानी करने पर प्रशासन की मदद ली जाएगी।

 पाजिटिव लोगों को किया जाएगा आइसोलेट

विदेश से आया जो यात्री पाजिटिव पाया जाएगा उसे अलग से आइसोलेट किया जाएगा। उसे कोरोना के दूसरे मरीजों के साथ नहीं रखा जाएगा। सेहत विभाग ने इसके लिए चंडीगढ़ रोड स्थित वर्धमान मदर एंड चाइल्ड अस्पताल को चिन्हित किया है। इसके लिए अस्पताल में बेड बढ़ा दिए गए हैं और स्टाफ का प्रबंध भी किया जा रहा है।

पाजिटिव सैंपलों की होगी जीनोम सिक्वेंसिंग

अगर किसी इलाके में दो या दो से अधिक पाजिटिव केस आते हैं तो उसे माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर सभी लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। पाजिटिव सभी सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग (कोरोना के वैरिएंट का पता लगाने की विधि) करवाई जाएगी। इसके अलावा जो लोग दोबारा कोरोना पाजिटिव हो रहे हैं उनके सैंपल भी जीनोम के लिए भेजे जाएंगे।

chat bot
आपका साथी