Punjab Farmers Protest: लुधियाना में सुखबीर बादल को दिखाई काली झंडियां, अकाली वर्कर और किसान आमने-सामने; माहाैल तनावपूर्ण

सुखबीर बादल ने कटाणा साहिब से मत्तेवाड़ा के लिए बाइक रैली शुरू की तो रास्ते में किसानों ने रास्ता रोक कर उनका विरोध किया। पुलिस ने किसानों की सुखबीर से बातचीत कराने का भरोसा दिलाया था लेकिन बात नहीं कराई गई।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 06:54 PM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 09:23 PM (IST)
Punjab Farmers Protest: लुधियाना में सुखबीर बादल को दिखाई काली झंडियां, अकाली वर्कर और किसान आमने-सामने; माहाैल तनावपूर्ण
बुधवार को मत्तेवाड़ा में किसानों ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल का विरोध किया। जागरण

जागरण संवाददाता, लुधियाना। कृषि सुधार कानूनों का विरोध केवल भाजपा को ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों को भी झेलना पड़ रहा है। बुधवार को मत्तेवाड़ा में किसानों ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल का विरोध कर काली झंडियां दिखाईं। कटाणा साहिब से मत्तेवाड़ा तक मोटरसाइकिल, स्कूटर एवं कार रैली के दौरान किसानों ने सुखबीर की मोटरसाइकिल रैली का रास्ता रोक लिया। इससे अकाली वर्कर एवं किसान आमने सामने आ गए। काफी देर तक काफिला लंबे जाम में फंसा रहा। इस अवसर पर उनके साथ हलका साहनेवाल के विधायक शरणजीत सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे।

किसान सुखबीर बादल से कृषि सुधार कानूनों पर बातचीत की मांग कर रहे थे लेकिन प्रशासन ने उनकी यह मांग पूरी नहीं  होने दी। पुलिस ने सुखबीर के काफिले का रूट बदल कर उनको रवाना कर दिया। इस दौरान किसानों एवं अकाली वर्करों ने जम कर एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। बुधवार को गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद सुखबीर बादल ने कटाणा साहिब से मत्तेवाड़ा के लिए बाइक रैली शुरू की तो रास्ते में किसानों ने रास्ता रोक कर उनका विरोध किया।

पुलिस ने किसानों की सुखबीर से बातचीत कराने का भरोसा दिलाया था, लेकिन बात नहीं कराई गई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। किसी तरह पुलिस ने बीच बचाव किया और सुखबीर बादल के काफिले का रूट बदल कर उनको आगे रवाना किया। सुखबीर के समारोह के दौरान भी पुलिस का पुख्ता इंतजाम किया गया।

इस विरोध पर सुखबीर बादल ने कहा कि जो लोग विरोध के लिए इक्टठा हो रहे हैं, वे किसान नहीं बल्कि कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी के वर्कर हैं। सुखबीर ने कहा कि वे संयुक्त किसान मोर्चा का धन्यवाद करते हैं, मोर्चा ने पहले ही कहा है कि सिर्फ भाजपा का विरोध करना है।

दो दिन पहले माछीवाड़ा में भी किया था सुखबीर का घेराव

कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों के गुस्से का सामना भारतीय जनता पार्टी के अलावा अन्य राजनीतिक दलों को भी करना पड़ रहा है। शिरोमणि अकाली दल का भी किसान विरोध कर रहे हैं। इससे पहले भी कई बार शिअद नेताओं को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा है। दो दिन पहले माछीबाड़ा में भी किसानों ने सुखबीर बादल का घेराव किया था। 

chat bot
आपका साथी