शिअद से जुड़े किसान ट्रैक्टर परेड में लेंगे भाग

शिअद के पूर्व विधायक कलेर की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रैक्टर रैली में भाग लेने का फैसला किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 08:42 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 08:42 PM (IST)
शिअद से जुड़े किसान ट्रैक्टर परेड में लेंगे भाग
शिअद से जुड़े किसान ट्रैक्टर परेड में लेंगे भाग

संस, जगराओं : शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय में शनिवार को हलका इंचार्ज पूर्व विधायक एसआर कलेर की अगुवाई में बैठक हुई। इसमें 26 जनवरी की ट्रैक्टर परेड में शिअद से जुड़े किसानों ने भी शामिल होने का प्रण लिया।

पूर्व विधायक कलेर ने कहा कि शिअद से जुड़े किसान पहले भी बड़ी संख्या में इस संघर्ष में शामिल हैं। अब पार्टीबाजी से ऊपर उठकर किसान झंडे के नीचे दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड में भी हिस्सा बनेंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार बैठक करने के बाद भी केंद्र सरकार काले कानून वापस लेने के लिए तैयार नहीं है। ऐसा लगता है कि केंद्र की भाजपा सरकार कारपोरेट घरानों की कठपुतली बन चुकी है और सरकार ने साजिश के तहत पंजाब की कृषि को खत्म करने का मंसूबा बनाया हुआ है।

बैठक में पूर्व विधायक भाग सिंह ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार भी राजनीति कर रही है। यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि निस्वार्थ किसानी संघर्ष में शामिल होकर उसे सफल बनाने का है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य और शिअद जिला लुधियाना देहाती के प्रधान भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पिछले 52 दिनों से दिल्ली की सड़कों पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के साथ अकाली दल खड़ा है। उन्होंने हर गांव से लोगों को किसानी बैनर के नीचे इस संघर्ष में शामिल होने का निवेदन किया। बैठक में किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन कंवलजीत सिंह मल्ला, सर्किल प्रधान दीदार सिंह मलक, इंद्रजीत सिंह लांबा, सुखदेव सिंह गिदड़विडी, जगदीश सिंह दीसा, पूर्व सरपंच सुखबीर सिंह, प्रधान सरगुन सिंह रसूलपुर, रिकू अमरगढ़, सुखविदर सिंह, सरपंच सुखजीत सिंह अखाड़ा, राजा वर्मा, हरदीप सिंह, सौदागर सिंह, हरविदर सिंह, मनजीत सिंह, पूर्व सरपंच जसवंत सिंह अखाड़ा के अलावा अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी