Coronavirus Vaccination : लुधियाना में ग्रामीणों का वैक्सीन पर बढ़ा भरोसा, एक दिन में नौ हजार ने लगवाया टीका
लुधियाना में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का अब वैक्सीन पर भरोसा बढ़ने लगा है। जिले में वीरवार को 17 हजार 685 लोगों ने वैक्सीन की डोज लगवाई। सेहत विभाग के अनुसार इसमें नौ हजार 135 लोग ग्रामीण क्षेत्रों के हैं जबकि शहरी क्षेत्रों के आठ हजार 550 लोग शामिल हैं।
लुधियाना, जागरण संवाददाता। लुधियाना में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का भी अब वैक्सीन पर भरोसा बढ़ने लगा है। धीरे-धीरे वैक्सीन की डोज लगवाने वाले आंकड़े में ग्रामीण क्षेत्रों की संख्या अधिक होने लगी है। अफवाहों पर विराम लग गया है। वीरवार को जिले में 17 हजार 685 लोगों ने वैक्सीन की डोज लगवाई। सेहत विभाग के अनुसार इसमें नौ हजार 135 लोग ग्रामीण क्षेत्रों के हैं जबकि शहरी क्षेत्रों के आठ हजार 550 लोग शामिल हैं। 17 हजार 127 लोगों को सेहत विभाग की टीमों ने वैक्सीन की डोज लगवाई जबकि 588 लोगों ने प्राइवेट अस्पतालों में टीका लगवाया है। जिले में अब तक कुल 11.03 लख लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।
वीरवार को लगवाई पहली डोज
आयु वर्ग वैक्सीनेशन
18 से 44 9870
45 से 60 2577
60 साल से ऊपर 788
पंचायतें खुद कर रही संपर्क : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डा. किरण आहलुवालिया का कहना है कि अब गांवों में अधिक शिविर लगाए जा रहे हैं। पंचायतें खुद शिविर लगाने के लिए संपर्क कर रही हैं। एक महीना पहले ऐसा माहौल नहीं था। अफवाहों के कारण लोग डर रहे थे। वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा मिले तो हम रोज 33 हजार लोगों को भी टीका लगा सकते हैं।