कोरोना टीका बोल लगा रहे थे नशे का इंजेक्शन, शिकायत की तो किया हमला

लुधियाना की घोड़ा कालोनी में शुक्रवार रात फैक्ट्री से लौट रहे दो युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 06:00 AM (IST)
कोरोना टीका बोल लगा रहे थे नशे का इंजेक्शन, शिकायत की तो किया हमला
कोरोना टीका बोल लगा रहे थे नशे का इंजेक्शन, शिकायत की तो किया हमला

अशवनी पाहवा, लुधियाना : चीमा चौक स्थित घोड़ा कालोनी के इलाके में शुक्रवार रात फैक्ट्री से घर लौट रहे दो युवकों पर करीब दो दर्जन युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपित नशेड़ी युवक दोनों युवकों को कोरोना टीका कहकर नशे का टीका लगाना चाहते थे, ताकि लूटपाट की जा सके। हमले में घायल युवकों को ईएसआइ अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल जांच के बाद थाना मोती नगर ने जांच शुरू कर दी है। आरोपित युवक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

विजय नगर निवासी मोनू ने बताया कि वह अपने साथी दीपक के साथ शुक्रवार दोपहर खाना खाने के लिए फैक्ट्री से घर आ रहा था। फैक्ट्री से कुछ दूर नशे में धुत करीब आधा दर्जन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और कहा कि कोरोना का इंजेक्शन लगवाओ। उसने इंजेक्शन लगवाने से मना कर दिया और वहां से भाग आए। मोनू ने बताया कि इलाके के लोगों को घटना की जानकारी दी तो पता चला कि उक्त युवक नशा करने के आदी हैं और अकसर राहगीरों को नशे के इंजेक्शन लगाकर छीना-झपटी करते हैं। उन्होंने इसकी सूचना अपने फैक्ट्री मालिक को दी। इसके बाद शिकायत थाना मोती नगर की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक भाग खड़े हुए।

मोनू ने बताया कि रात को वह दीपक के साथ फैक्ट्री से घर लौट रहा था तो उक्त युवकों ने अपने करीब दो दर्जन साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और फिर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें वह दोनों घायल हो गए। थाना मोती नगर की पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी