लुधियाना में 1.70 लाख की नगदी, मोटरसाइकिल व सामान चुरा ले गया ठेकेदार, जानें पूरा मामला

गिल रोड स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री का ठेकेदार दफ्तर का लाॅकर तोड़ 1.70 लाख की नगदी चोरी कर ले गया। जाते समय वह छत वाला पंखा एक एग्जास्ट फैन तथा फैक्ट्री मालिक के दोस्त का मोटरसाइकिल भी उठा ले गया।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 02:35 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 02:35 PM (IST)
लुधियाना में 1.70 लाख की नगदी, मोटरसाइकिल व सामान चुरा ले गया ठेकेदार, जानें पूरा मामला
प्लास्टिक फैक्ट्री का ठेकेदार दफ्तर का लाॅकर तोड़ 1.70 लाख की नगदी चोरी कर ले गया। (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, लुधियाना। गिल रोड स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री का ठेकेदार दफ्तर का लाॅकर तोड़ 1.70 लाख की नगदी चोरी कर ले गया। जाते समय वह छत वाला पंखा, एक एग्जास्ट फैन तथा फैक्ट्री मालिक के दोस्त का मोटरसाइकिल भी उठा ले गया। अब घटना के 24 दिन बाद थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी का केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है।

एएसआइ परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला कोशांबी स्थित पोस्ट आफिस सरसावा व थाना मंजनपुर के अंर्तगत आते गांव गांव बख्शी पुर निवासी रामबली के रूप में हुई। पुलिस ने उक्त केस माडल ग्राम निवासी तजिंदर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि गिल रोड के कृष्णा नगर इलाके में उनकी गुरु कृपा नाम से फैक्ट्री है। जिसमें प्लास्टिक का दाना बनाया जाता है। उक्त आरोपित पिछले साढ़े 4 साल से उनकी फैक्ट्री में ठेकेदार का काम करता था। उसे रहने के लिए फैक्ट्री के ऊपर कमरा दे रखा था। जिसमें वो अपने एक साथी के साथ रहता था। उसके लिए काम करने वाली लेबर के तीन लोग बाहर कहीं रहते थे।

उनकी फैक्ट्री में सफाई के लिए गांव फुलांवाल से परमजीत कौर नाम की महिला सुबह आ जाया करती थी। इस लिए दफ्तर की चाबियां रामबली के पास ही रहती थीं। घटना से 15 दिन पहले रामबली के साथ रहने वाला लड़का गांव चला गया। 12 जुलाई की सुबह 7 बजे आरोपित ने दफ्तर में पड़ी उक्त नगदी और सामान चोरी किया और फरार हो गया। उसके बाद भी उसका मोबाइल फोन चल रहा था। उससे जब बात की गई तो आरोपित उलटा यह बोल कर धमकाने लगा कि जाे बन पड़े कर लो, वो सामान और पैसा नहीं लौटाएगा। जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। तजिंदर सिंह ने बताया कि चोरी हुआ मोटरसाइकिल उसके दोस्त का था, जो बारिश के चलते उनकी फैक्ट्री में खड़ा कर रखा था।

chat bot
आपका साथी