चन्नी को सीएम बनाने के फैसले से कांग्रेसी खुश, कहा- चुनाव में मिलेगा फायदा

लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर कांग्रेस हाईकमान ने लगा ही दी। सूबे की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को सौंपने के फैसले से कांग्रेसी खुश हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 06:44 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:44 AM (IST)
चन्नी को सीएम बनाने के फैसले से कांग्रेसी खुश, कहा- चुनाव में मिलेगा फायदा
चन्नी को सीएम बनाने के फैसले से कांग्रेसी खुश, कहा- चुनाव में मिलेगा फायदा

जागरण संवाददाता, लुधियाना : लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर कांग्रेस हाईकमान ने लगा ही दी। सूबे की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को सौंपने के फैसले से कांग्रेसी खुश हैं। कांग्रेसियों का तर्क है कि अनुसूचित वर्ग एवं सिख चेहरे को सूबे की जिम्मेदारी देने का अगामी विधानसभा चुनावों में निश्चित तौर से पार्टी को लाभ होगा और पार्टी के हाथ में फिर से सत्ता की चाबी होगी।

पार्टी को चुनाव में होगा फायदा : अश्वनी शर्मा

लुधियाना के जिला कांग्रेस प्रधान अश्वनी शर्मा ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन के अलावा आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अनुसूचित वर्ग से डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा की है। इसी बीच अब कांग्रेस ने अनुसूचित वर्ग से आते चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंप दी है। इससे पार्टी को विधानसभा चुनाव में काफी फायदा होगा। चुनावी माहौल में लिया सटीक फैसला : बलकार संधू

नगर निगम के मेयर बलकार सिंह संधू ने भी चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने के फैसले का स्वागत किया है। मेयर संधू का कहना है कि कांग्रेस हाईकमान ने चुनावी माहौल में सही एवं सटीक फैसला लिया है। मेयर का कहना है कि चन्नी सूबे के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और जनता से किए सभी वादे सरकार पूरा करेगी। मेयर ने कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। शिअद-बसपा व आप के मंसूबों पर फेरा पानी : गुरप्रीत गोगी

पंजाब स्माल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कारपोरेशन के चेयरमैन एवं कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान गुरप्रीत सिंह गोगी ने भी पार्टी आलाकमान के फैसले का स्वागत किया है। गोगी ने कहा कि हाईकमान ने काफी सोच समझ कर निर्णय लिया है। हाईकमान ने सूबे की नब्ज को टटोलने के बाद ही मुख्यमंत्री के लिए चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर मुहर लगाई है। शिअद-बसपा एवं आप ने दलित कार्ड खेल कर कांग्रेस पर डेंट डालने का प्रयास किया था, लेकिन हाईकमान के मौजूदा फैसले ने उस कवायद को खत्म कर दिया है। पंजाब की दशा व दिशा बदलेगी : निर्मल कैड़ा

पंजाब कांग्रेस सेवा दल के प्रधान निर्मल सिंह कैड़ा ने कहा कि पंजाब के पहले अनुसूचित वर्ग के मुख्यमंत्री के रूप में चरनजीत सिंह चन्नी की नियुक्ति होना ऐतिहासिक फैसला है। यह पूरे वर्ग के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब की दिशा व दशा बदलेगी और 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को राजनीतिक तौर पर बल मिलेगा। कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले ने अन्य राजनीतिक दलों को मात दे दी है।

chat bot
आपका साथी