Punjab Weather Alert! पंजाब में बदलने लगा मौसम का मिजाज, लुधियाना में तेज बारिश; जालंधर में छाए बादल
Punjab Weather Alert! पंजाब के कई हिस्सों में आज बादल छाए हुए हैं। राज्य के कई हिस्सों में आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। लुधियाना में दोपहर बाद तेज बारिश के कारण उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
जेएनएन, लुधियाना/जालंधर/चंडीगढ़। Punjab Weather Alert! पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदलने लगा है। मानसून के साथ-साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस फ़िर सक्रिय हो रहा है। रविवार दोपहर बाद लुधियाना में बारिश शुरू होने से उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, जालंधर में भी सुबह भीषण उमस के कारण शहरवासियों का बुरा हाल था। हालांकि दोपहर बाद यहां आसमान में बादल छाए हुए हैं। हवा में ठंडक के कारण उमस से कुछ राहत मिली है। शाम तक बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो आज पंजाब के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अमृतसर, मोहाली और पटियाला में भारी बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों ने लुधियाना, अमृतसर, चंडीगढ़, संगरूर, मोहाली, पटियाला में भारी बारिश की संभावना जताई थी। बारिश के दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है और बारिश होती है तो किसानों के चेहरे खिल उठेंगे, क्योंकि इस समय धान की फसल को पानी की सख्त जरूरत है। बिजली संकट की वजह से किसानों को अपनी फसलों को सींचने के लिए पर्याप्त पानी नही मिल रहा है।
जालंधर में बीते सप्ताह सोमवार तथा मंगलवार को बारिश हुई थी। इसके बाद लगातार धूप खिली रहने से उमस के साथ-साथ लोगों ने गर्मी का प्रकोप भी झेला। वहीं शुक्रवार को हुई पॉकेट रेन ने गर्मी और उमस बढ़ा दी। अगर जुलाई की बात करें तो अब तक मौसम विभाग की भविष्यवाणी विफल ही साबित हुई है। बारिश की संभावना के बीच लगातार गर्मी और उमस के कारण जालंधर समेत पंजाब के अन्य शहरों में लोग परेशानी झेल रहे हैं।
यह भी पढ़ें - मसाज के बहाने कपड़े उतार अश्लील वीडियो बनाती थी महिला, BSF के रिटायर्ड इंस्पेक्टर भी फंस गया जाल में... जानें पूरा मामला
यह भी पढ़ें - Punjab: कबड्डी का हीरा हरमनजीत गुरबत में खो रहा चमक, उद्योगपति Gautam Adani ने मदद को बढ़ाया हाथ