कांग्रेस नेता पर हमले के आरोप में लिप कार्यकर्ताओं पर केस
कांग्रेस नेता पर हमले के आरोप में लिप कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है।
जासं, लुधियाना : सांसद और मुख्यमंत्री के लिए भद्दी शब्दावली का इस्तेमाल करने वालों को रोका तो लोक इंसाफ पार्टी (लिप) के नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं।
थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने गांव डेहलों निवासी गगनदीप सिंह, सन्नी कैंथ, जसवंत सिंह, रणजोध गिल तथा उनके नौ अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ सुरजीत सिंह के मुताबिक, गांव झांडे निवासी तलविदर सिंह ने शिकायत दी है कि आठ अगस्त की दोपहर डेढ़ बजे वह सांसद रवनीत सिंह बिट्टू से मिलने रोज गार्डन स्थित उनके निवास पर गया था, मगर बिट्टू वहां नहीं थे। वह वापस जाने के लिए गेट के पास पहुंचा तो उसी दौरान बिना मास्क पहने आए आरोपित सांसद बिट्टू तथा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल करने लगे। उनका विरोध किया तो आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया।
आशु के दफ्तर के बाहर धरना देने वालों पर पर्चा
जासं, लुधियाना : कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु के दफ्तर के सामने धरना प्रदर्शन करने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अज्ञात वर्करों और नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआइ तरलोचन सिंह ने बताया कि आठ अगस्त को वह पुलिस टीम के साथ कोचर मार्केट में गश्त पर थे। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु के दफ्तर के बाहर भाजयुमो के सदस्य धरना देकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कोरोना महामारी के बीच 35-40 लोगों को जमा करके फिजिकल डिस्टेंस के नियमों का उल्लंघन किया है। इस कारण अज्ञात वर्कर्स के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है।