Snatcher Gang: लुधियाना में फिर सक्रिय हुआ कार सवार महिला गैंग, वृद्धा से उड़ाईं तीन तोले सोने की चूड़ियां

Snatcher Gang लंबे समय के अंतराल के बाद सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार महिला गैंग ने फिर से दस्तक देते हुए वृद्ध महिला को लूट लिया। आरोपित महिलाएं उसके हाथ में पहनी डेढ़-डेढ़ ताेला साेने की 2 चूड़ियां काट फरार हो गईं।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 01:54 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 01:54 PM (IST)
Snatcher Gang: लुधियाना में फिर सक्रिय हुआ कार सवार महिला गैंग, वृद्धा से उड़ाईं तीन तोले सोने की चूड़ियां
सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार महिला गैंग ने फिर से दस्तक दी। (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, लुधियाना। Snatcher Gang: लंबे समय के अंतराल के बाद सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार महिला गैंग ने फिर से दस्तक देते हुए वृद्ध महिला को लूट लिया। आरोपित महिलाएं उसके हाथ में पहनी डेढ़-डेढ़ ताेला साेने की 2 चूड़ियां काट फरार हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के 8 दिन बाद अज्ञात लुटेराें और उनके साथी ड्राइवर पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।

एएसआइ गुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त केस हरबंसपुरा की गली नंबर 5 निवासी अमन चावला की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि वो नई सब्जी मंडी इलाके में प्रापर्टी और स्क्रैप का कारोबार करता है। 31 अगस्त की सुबह 6 बजे वह और उसकी मां सुनीता चावला (65) समराला चौक स्थित गुरु नानकसर में माथा टेकने के बाद पैदल घर की और जा रहे थे। उसकी मां आगे आगे चल रही थीं। वह उनसे काफी पीछे था। जैसे ही वह लोग शिंगार सिनेमा रोड स्थित सिधु इलेक्ट्रानिक्स के सामने पहुंचे।

उसी समय सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार उसकी मां के पास आकर रुकी। उसमें अगली सीट पर बैठी महिला ने उसकी मां को नमस्ते करते हुए खाली बाेतल थमा सामने टूटी से पानी भर कर देने के लिए कहा। जैसे ही उसकी मां ने उसे पानी से भरी बोतल पकड़ाई, महिला ने चालाकी से उनके बाएं हाथ में पहनी सोने की चूड़ी कटर से काट ली। उसकी मां को इस बात का आभास तक नहीं हुआ। उसके बाद उस महिला ने कहा कि पीछे वाली सीट पर बैठी बबली आपको बहुत याद करती है। उसे भी मिल लो। वृद्धा ने कहा कि वो किसी बबली को जानती ही नहीं। उसी बीच पीछे वाली सीट पर बैठी दो महिलाएं नीचे उतर आईं। उनमें से एक ने उसकी मां के सीने से लग गई। दूसरी ने फुर्ती से उनके दाएं हाथ में पहनी सोने की दूसरी चूड़ी भी काट ली।

इसी दौरान कटर लगने से सुनीता चावला का हाथ भी कट गया और उसमें से खून बहने लगा। अपना काम होते ही वो महिलाएं कार में सवार होकर फरार हो गईं। अमन जब उनके पास पहुंचा वो लोग निकल चुके थे। गुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की कार पर नंबर प्लेट नहीं थी। उनका सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

chat bot
आपका साथी