Bigg Boss 14 ः बहू के ‘बिग बास’ बनने पर लुधियाना में सास-ससुर बोले- रूबीना पर गर्व, उसके जैसी कोई नहीं

लुधियाना के बीआरएस नगर में रहने वाले टीवी स्टार अभिनव शुक्ला की पत्नी रूबीना दिलैक बिग बास-14 की विनर बन गई हैं। रूबीना की जीत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों ने फोन पर बधाई देनी शुरू कर दी। फाइनल में रूबीना ने राहुल कृष्ण को हराकर ट्राफी अपने नाम की।

By Vinay kumarEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 08:21 AM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 08:21 AM (IST)
Bigg Boss 14 ः  बहू के ‘बिग बास’ बनने पर लुधियाना में सास-ससुर बोले- रूबीना पर गर्व, उसके जैसी कोई नहीं
Bigg Boss 14 grand finale एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाते हुए उनके ससुर डा. केके शुकला व सास राधा शुक्ला।

लुधियान [आशा मेहता]। Bigg Boss 14 grand finale लुधियाना के बीआरएस नगर में रहने वाले टीवी स्टार अभिनव शुक्ला की पत्नी रूबीना दिलैक बिग बास-14 की विनर बन गई हैं। रविवार रात 12:20 बजे सलमान खान ने रूबीना को विनर घोषित किया तो लुधियाना में उनका परिवार खुशी से झूम उठा। बीआरएस नगर में रह रहे रूबीना के ससुर डा. केके शुक्ला व सास राधा शुक्ला ने कहा कि उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है और उन्हें बहू पर गर्व है। उसके जैसी कोई नहीं है। रूबीना की जीत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों ने फोन पर बधाई देनी शुरू कर दी। फाइनल में रूबीना ने राहुल कृष्ण वैद्य को हराकर ट्राफी अपने नाम की। पति अभिनव शुक्ला के साथ शो में एंट्री लेने वाली रूबीना ने अपने दमदार व्यक्तित्व, बेबाक अंदाज और खेल में अपना 100 फीसद देने की वजह से दर्शकों का दिल जीता।



इंटरनेट मीडिया ट्रेंड में भी नंबर वन
बिग बास के घर में कदम रखने के बाद से लेकर अब तक सोशल मीडिया ट्रेंड और सर्वे में भी रूबीना नंबर वन पर ही रहीं। हालांकि शो के दौरान रूबीना को वीकेंड पर सलमान खान की फटकार और दूसरे प्रतिभागियों के आरोपों का भी सामना करना पड़ा। फिर भी रूबीना ने हौसला नहीं हारा और शानदार खेल खेला। दर्शकों से मिले प्यार की बदौलत वह बेघर नहीं हुई और अंत में विजेता ट्राफी अपने नाम की।



फिनाले से दस दिन पहले बाहर हुए थे अभिनव शुक्ला
बिग बास के घर में करीब साढ़े चार महीने रहने के बाद अभिनव शुक्ला फिनाले से ठीक दस दिन पहले बाहर हो गए थे। अभिनव मिड डे एविक्शन के जरिये बेघर किए गए थे। बेघर होने पर अभिनव शुक्ला ने कहा था कि वह कहीं न कहीं खेल का शिकार हुए, क्योंकि उनका एविक्शन दर्शकों के वोटिंग के जरिए नहीं, बल्कि घर से बाहर हो चुके कुछ सदस्यों ने किया।

रूबीना ने 2006 में जीता था मिस शिमला का खिताब
हिमाचल प्रदेश के शिमला से ताल्लुक रखने वाली रूबीना ने अभिनय की शुरुआत करने से पहले साल 2006 में मिस शिमला का खिताब जीता था। साल 2008 में उन्होंने चंडीगढ़ में हुए मिस नॉर्थ इंडिया पैजेंट में जीत हासिल की थी। अभिनय करियर की शुरुआत उन्होंने टेलीविजन शो छोटी बहू से की थी। कलर्स चैनल के शो ‘शक्ति : अस्तित्व के एहसास की’ में किन्नर की भूमिका से उन्हेंं खासी पहचान मिली थी। बिग बॉस शो में रूबीना ने अपने पति अभिनव शुक्ला के साथ कदम रखा था। उन्होंने दोनों के तलाक तक की नौबत आने की बात कही थी। हालांकि बाद में दोनों ने कहा कि शो में आने के बाद उनका रिश्ता और मजबूत हुआ है। अब वे अलग नहीं होंगे।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी