एडवोकेट बलजिंद्र सिंह की एकतरफा जीत, बने खन्ना बार एसोसिएशन के प्रधान

एकतरफा जीत के साथ एडवोकेट बलजिंद्र सिंह खन्ना बार एसोसिएशन के प्रधान चुन लिए गए हैं।

By Edited By: Publish:Sun, 21 Apr 2019 05:00 AM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 11:41 AM (IST)
एडवोकेट बलजिंद्र सिंह की एकतरफा जीत, बने खन्ना बार एसोसिएशन के प्रधान
एडवोकेट बलजिंद्र सिंह की एकतरफा जीत, बने खन्ना बार एसोसिएशन के प्रधान

जासं, खन्ना : एकतरफा जीत के साथ एडवोकेट बलजिंद्र सिंह खन्ना बार एसोसिएशन के प्रधान चुन लिए गए हैं। लंबे समय से विवादों में चल रही एसोसिएशन के एक बार दोफाड़ हो जाने के बाद आखिर शनिवार को हुआ संयुक्त चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपट गया। चुनाव अधिकारी जेके वर्मा और केके गैंद की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। बलजिंद्र सिंह  ने अपने प्रतिद्वंदी एडवोकेट स्वर्ण सिंह संधू को 83 वोटों से हराया। कुल 204 मतों में से बलजिंद्र को 143 और संधू को 60 वोट मिले। एक वोट रद कर दिया गया। बार एसोसिएशन के 209 में से 204 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह से मतदान के लिए वकीलों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था। अन्य पदों के लिए हुए चुनाव में उप प्रधान के पद के लिए नवीन शर्मा ने अश्वनी ढंड को 25 मतों से हराया। नवीन को 114 और अश्वनी को 89 मत मिले। एक मत रद हुआ। जीत के बाद वकीलों ने ढोल की थाप पर जश्न मनाया।

सिर्फ दो मत से जीते सचिव सुमित लूथरा

सचिव पद के लिए सुमित लूथरा ने कड़े मुकाबले में रविंदर रिखी को केवल 2 मतों से हराया। सुमित को 102 और रिखी को 100 मत मिले। दो मत रद हुए। वित्त सचिव के लिए आयुषपाल सिंह ने मुनीष गोयल को 59 मतों से हराया। आयूषपाल को 129 और मुनीष को 70 मत मिले। पांच मत रद कर दिए गए।

दोनों गुटों को मिले दो-दो पद

बार एसोसिएशन के लिए शनिवार को चार पदों के लिए चुनाव हुआ था। इनमें से बलजिंद्र सिंह और आयुषपाल एक गुट के हैं, जबकि नवीन शर्मा और सुमित लूथरा संधू गुट के हैं। मतदाताओं ने गुटों के बजाय उम्मीदवार पर ज्यादा गौर किया और अपने मनपसंद उम्मीदवार को वोट दिया।

छह पदों का चुनाव निर्विरोध हुआ

इससे पहले बार एसोसिएशन के छह पदों के लिए चुनाव निर्विरोध रूप से हुआ। इसमें संयुक्त सचिव पद के लिए अभिषेक शर्मा के नामांकन वापस लेने से शेखर मैनरो को संयुक्त सचिव चुन लिया गया। कार्यकारी सदस्यों के पांच पदों के लिए छह उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से राजिंदर सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया तो वातिका गैंद, शेखर मैनरो, जसजोत सिंह, राघव सूद और सिकंद मेहता कार्यकारी सदस्य के पद के लिए निर्विरोध चुने गए।

 
chat bot
आपका साथी