मंत्री ने मारा छापा: कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर, मौजूद स्टाफ के जवाब से रह गए दंग..

सरकारी दफ्तरों में अकसर कर्मचारी अपनी मनमर्जी करते हुए ड्यूटी सही ढंग से नहीं निभाते हैं। वे मर्जी से दफ्तर में आते हैं और चले जाते हैं।

By Edited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 07:15 AM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 02:32 PM (IST)
मंत्री ने मारा छापा: कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर, मौजूद स्टाफ के जवाब से रह गए दंग..
मंत्री ने मारा छापा: कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर, मौजूद स्टाफ के जवाब से रह गए दंग..

जागरण संवाददाता, लुधियाना : सरकारी दफ्तरों में अकसर कर्मचारी अपनी मनमर्जी करते हुए ड्यूटी सही ढंग से नहीं निभाते हैं। वे मर्जी से दफ्तर में आते हैं और चले जाते हैं। ऐसा ही कुछ माछीवाड़ा साहिब के अंतर्गत पड़ते मत्तेवाड़ा स्थित डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन फार्म में हो रहा था। इसका भेद पशु पालन एवं कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने खुद खोला। मंगलवार को मंत्री सिद्धू ने मत्तेवाड़ा स्थित डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन फार्म में अचानक छापा मारा। जब वह पहुंचे तो बड़े स्तर पर स्टाफ गैर हाजिर था। इनके बारे में मौजूद स्टाफ को कोई जानकारी नहीं थी। मंत्री ने गैरहाजिर स्टाफ की कार्यशैली के बारे में सवाल किया तो स्टाफ ने हैरान करने वाले जवाब दिए। मौजूद स्टाफ कर्मियों ने बताया कि गैरहाजिर स्टाफ बिना बताए दफ्तर आता है और चले जाता है। इस पर उन्होंने हाजिरी रजिस्टर भी चेक किया जिसमें खामियां पाई गई।

इसके अलावा पशुओं की देखरेख सही तरह से नहीं हो रही थी। यही नहीं, फार्म के अंदर और बाहर गंदगी भरी हुई थी। ऐसा लग रहा था जैसे कई दिनों से सफाई नहीं हुई है। स्टॉक रजिस्टर में गलतियां थी। मंत्री सिद्धू ने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण वह आगे भी जारी रखेंगे। अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी लापरवाही करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के प्रति किसी तरह की कोताही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

खामियां देख भड़के मंत्री, स्टॉक, हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लिया

फार्म में निरीक्षण के दौरान इतनी सारी खामियां देखकर मंत्री भड़क गए। इस पर स्टॉक रजिस्टर, हाजिरी रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों को मंत्री ने अपने कब्जे में लिया। उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को गैरहाजिर कर्मियों की पूरी रिपोर्ट तैयार करके भेजने के लिए कहा ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

chat bot
आपका साथी