कपड़े बांटने के बहाने आई महिला व उसके साथी ने चार माह का बच्चा किया चोरी

सलेम टाबरी के दाना मंडी इलाके से कार सवार पुरुष और महिला गरीब लोगों को कपड़े बांटने के बहाने आए और झुग्गी में रहने वाली एक महिला का चार माह का बच्चा चोरी कर फरार हो गए। महिला की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 01:00 AM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 01:00 AM (IST)
कपड़े बांटने के बहाने आई महिला व उसके साथी ने चार माह का बच्चा किया चोरी
कपड़े बांटने के बहाने आई महिला व उसके साथी ने चार माह का बच्चा किया चोरी

संसू, लुधियाना : सलेम टाबरी के दाना मंडी इलाके से कार सवार पुरुष और महिला गरीब लोगों को कपड़े बांटने के बहाने आए और झुग्गी में रहने वाली एक महिला का चार माह का बच्चा चोरी कर फरार हो गए। महिला की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दाना मंडी की रहने वाली रूपा देवी ने पुलिस को बताया कि उसके 10 बच्चे हैं। परिवार कबाड़ का काम करता है। वह दाना मंडी में बनी झुग्गियों में रहते हैं। शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति कपड़े बांटने का बहाना बनाकर उनकी झुग्गियों के पास आया। इसके बाद वह वहां से चला गया। वही व्यक्ति शाम को दोबारा एक महिला के साथ कार में आया और उससे कहने लगा कि उसकी पत्नी बच्चों को कपड़े बांटने आई है। वह कार में बैठी है। वह भी अपने बच्चे के लिए उससे कपड़े ले ले। वह अपने चार माह के बेटे श्यामलाल को गोद में लेकर कार में बैठी महिला के पास गई। इस दौरान वह व्यक्ति भी कार में बैठ गया। महिला ने कार में बैठे ही बहाने से बच्चे को अपनी गोद में ले लिया। इतने में वह व्यक्ति कार को स्टार्ट कर फरार हो गया। इसके बाद वहां माहौल बिगड़ गया जिसे बाद में पुलिस ने शांत किया।

कार सवारों के अलावा एक और महिला पर शक :

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कार में एक पुरुष और एक महिला के अलावा एक और महिला वहां दिख रही है। बच्चा चोरी होने के बाद से वह भी एक आटो में बैठ कर वहां से चली गई।

सुबह अकेला आया था कार सवार :

पुलिस की जांच में सामने आया है कि बच्चा चोरी करने वाला व्यक्ति सुबह के समय अकेले आया था। शायद उसने उस समय पूरे एरिया की जान पहचान कर ली थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कार का नंबर ट्रेस नहीं हुआ है। पुलिस मान रही है कि यह कोई बच्चा चोर गिरोह भी हो सकता है।

chat bot
आपका साथी