सोम प्रकाश की जीत पर झूमे भाजपाई

लोकसभा चुनाव में विधायक सोम प्रकाश की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 May 2019 07:21 PM (IST) Updated:Thu, 23 May 2019 07:21 PM (IST)
सोम प्रकाश की जीत पर झूमे भाजपाई
सोम प्रकाश की जीत पर झूमे भाजपाई

अमित ओहरी, फगवाड़ा

लोकसभा चुनावों में देश भर में बेहतरीन प्रदर्शन कर लगातार दूसरी बार अपने दम पर स्पष्ट बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता पर काबिज हुई भाजपा के नेताओं व वर्करों में भारी खुशी और उत्साह पाया जा रहा है। होशियारपुर लोकसभा हलके से अकाली-भाजपा के उम्मीदवार भाजपा विधायक सोम प्रकाश की जीत की खुशी में वीरवार को फगवाड़ा में जश्न मनाया गया। इस दौरान भाजपाईयों ने आतिशबाजी की, ढोल की थाप पर भंगड़ा डाला और लडडू बांटे। लोकसभा हलका होशियारपुर से जीत दर्ज कर सांसद बने भाजपा विधायक सोम प्रकाश ने अकाली-भाजपा नेताओं व वर्करों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इनकी मेहनत से ही उन्होंने होशियारपुर लोकसभा हलके से करीब 45 हजार वोटों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले पांच सालों में देशहित व देश के लोगों के हित में शानदार काम किया है। इसी के चलते देश वासियों ने भाजपा को 2014 से भी बड़ी जीत दर्ज करवाई है। इस अवसर पर राकेश दुग्गल, रमेश सचदेवा, सुरिंदर चोपड़ा, सरवण ंिसह कुलार, नगर निगम के डिप्टी मेयर रणजीत सिंह खुराना, देव शर्मा, बलदेव शर्मा, संजीव कैंथ गोल्डी, कृष्ण बजाज, समाज सेवक प्रदीप आहूजा, वेद प्रकाश तनेजा, पार्षद परमजीत सिंह खुराना, भाजपा प्रधान परमजीत सिंह पम्मा, अवतार सिंह मंड, संजू चैहल, भाजयुमो नेता अमित शुक्ला, हरीश दुग्गल, अमित सचदेवा, धर्मेद्र दुग्गल, बल्लू वालिया, बंटू वालिया, कीमती लाल शर्मा, इंद्रजीत खल्याण, गगन सोनी, साबी टोहरी, सोनू रावलपिंडी, पार्षद संजय ग्रोवर, पार्षद नरेश कोटरानी, पार्षद इंद्रजीत सोनकर, भाजपा नेता हर्ष वीरजी, परविंदर पिंदा, पार्षद जसविंदर कौर, अमरीक सिंह टिब्बी, सुलक्खन सिंह मौली, सैफी चड्डा, नितिन चडडा, भारती शर्मा, निक्की शर्मा, विपन मदान, कुश खोसला, सोपान खोसला, प्रितपाल कौर तूली सहित बड़ी संख्या में अकाली भाजपाई उपस्थित थे। सोम प्रकाश है तो मुमकिन है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देश भर में गूंज रहा मोदी है तो मुमकिन है का नारा फगवाड़ा से भाजपा विधायक सोम प्रकाश पर भी पूरी तरह से सटीक बैठता है। फगवाड़ा मे ये चर्चा अकसर आम होती रहती है कि सोम प्रकाश चाहें तो कुछ भी कर सकते हैं। विधायक सोम प्रकाश ने इस बात को साबित भी किया है। 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में पंजाब में कांग्रेस की जबरदस्त लहर थी। वहीं सोम प्रकाश का अपनी ही पार्टी से जुड़े कई लोग कथित तौर पर विरोध भी करते नजर आ रहे थे लेकिन इसके बावजूद भी सोम प्रकाश लगातार दूसरी बार फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से जीतकर भाजपा विधायक बने थे। अब लोकसभा चुनावों में भी पंजाब भर में अकाली भाजपा को सिर्फ चार सीटें मिली है। इसमें भाजपा विधायक सोम प्रकाश भी जीत दर्ज कर सांसद बन गए है।

अनीता सोम प्रकाश का रहा

अहम योगदान

लोकसभा हलका होशियारपुर से जीत दर्ज कर विधायक से सांसद बने सोम प्रकाश की जीत में उनकी पत्नी समाज सेविका अनीता सोम प्रकाश का भी बड़ा योगदान रहा है। अनीता सोम प्रकाश की फगवाड़ा हलके की महिलाओं और हर वर्ग के लोगों में अच्छी पकड़ है। सोम प्रकाश को टिकट मिलने के बाद उनकी पत्नी अनीता सोम प्रकाश ने फगवाड़ा हलके में प्रचार की जिम्मेवारी संभाली। साथ ही लोकसभा हलका होशियारपुर में पड़ते सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रचार के लिए गई और अनेकों महिलाओं और परिवारों को अपने साथ जोड़ा। इसी का परिणाम रहा कि सोम प्रकाश ने करीब 45 हजार वोटों से जीत दर्ज की।

फगवाड़ा से भी भाजपा को थी मिली जीत

2009 और 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा पिछड़ती रही है लेकिन इस बार विधायक सोम प्रकाश ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भी जीत दर्ज कर ये साबित कर दिया है कि फगवाड़ा की जनता पूरी तरह से उनके साथ है।

कांग्रेस कार्यालय सुनसान, भाजपा कार्यालय में रही रौनक

वीरवार को होशियारपुर लोकसभा हलके के आए चुनावी नतीजों में अकाली भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार विधायक सोम प्रकाश को मिली जीत के बाद जहां फगवाड़ा में भाजपा के चुनावी कार्यालय में दिन भर रौनक रही। वहीं कांग्रेस का कार्यालय बंद होने के चलते सुनसान रहा। इस दौरान भाजपा के चुनावी कार्यालय पर जहां जीत में महत्वपूर्ण रही बातों चर्चा होती रही।

मतगणना के दौरान सुनसान रहे फगवाड़ा के बाजार

वीरवार को लोकसभा चुनावों की वोटों की गिनती को लेकर सभी राजनीतिक दलों के नेता, वर्कर और आम लोग सुबह से ही टीवी पर चिपक गए थे, चुनावी मतगणना के दौरान फगवाड़ा के अधिकतर बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा। हालांकि लोगों ने अपनी दुकानें तो खोल रखी थी लेकिन दुकानदार भी वोटों की गिनती को लेकर टीवी पर चिपके देखे गए। बाजार में ग्राहक न के बराबर थे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी