वैक्सीन का स्टाक खत्म, सिविल अस्पताल में सिर्फ 70 लोगों का टीकाकरण

जिले में शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन की कमी के चलते 691 लोगों को ही वैक्सीन लगाई गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 10:06 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 10:06 PM (IST)
वैक्सीन का स्टाक खत्म, सिविल अस्पताल में सिर्फ 70 लोगों का टीकाकरण
वैक्सीन का स्टाक खत्म, सिविल अस्पताल में सिर्फ 70 लोगों का टीकाकरण

नरेश कद, कपूरथला

जिले में शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन की कमी के चलते 691 लोगों को ही वैक्सीन लगाई गई। कपूरथला के सिविल अस्पताल में शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक 70 लोगों को वैक्सीन लगने के बाद वैक्सीन का स्टाक खत्म हो गया। इसके बाद सीनियर सिटीजन व 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग बिना टीका लगवाए घर जाने को मजबूर हुए। वैक्सीन लगाने वाले रुम में बैठे कर्मचारी वैक्सीन का स्टाक खत्म हो गया है, कहकर ही वापस भेज रहे थे।

दैनिक जागरण की टीम ने अपनी पड़ताल में पाया कि दो दिन पहले भी वैक्सीन की खेप पूरी तरह से खत्म हो चुकी थी। वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने वाले भी बिना वैक्सीन लगवाएं 45 दिन पूरे होने के बाद वापस घरों को निराश होकर लौट रहे थे। सेहत विभाग की ओर से पंजाब सरकार के आदेशों के तहत प्राइवेट अस्पतालों को भी वैक्सीन की खेप देनी बंद कर दी है। लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए सरकारी अस्पतालों में घंटों तक इंतजार के बाद भी बिना वैक्सीन लगाए वापस लौटना पड़ रहा है।

मोहल्ला संतपुरा में रहने वाली लखबीर कौर व उसका पति परमजीत सिंह शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे के करीब सिविल अस्पताल में 28 दिन बाद वैक्सीन वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए गए थे। लंबी लाइन देखकर बाहर बैठकर वैक्सीन लगवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करने लगा। जब वह थोड़ी देर बाद भीड़ कम होने पर वैक्सीन लगवाने के लिए अंदर गए तो वहां पर मौजूद डाक्टरों ने उन्हें यह कहकर वापस लौटा दिया कि वैक्सीन का स्टाक खत्म हो चुका है।

उधर, शुक्रवार को जिले भर में सीनियर सिटीजन सहित 691 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अब तक वैक्सीन लगाने वालों की संख्या 109176 तक पहुंच गई है। डीपीएम डा. सुखविदर कौर ने बताया कि जिले में शुक्रवार को सिर्फ 10 काउंटरों पर कुल 691 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि अब तक 109176 लोगों को वैक्सीन का टीका लगाया गया है। शुक्रवार को कपूरथला के सिवल अस्पताल में 70, सुल्तानपुर लोधी में 50, फगवाड़ा में 320, टिब्बा में 20, काला संघिया में 30, भुलत्थ में 10, ढिलवां में 10, फत्तूढींगा में 70, आरसीएफ में 86 व परमजीतपुर में 30 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

शनिवार को वैक्सीन आने की संभावना : सिविल सर्जन

इस संबंध में सिविल सर्जन डा. परमिदर कौर का कहना है कि अस्पताल में हर रोज 2000 से अधिक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं जिससे जिससे वैक्सीन की स्टाक खत्म हो गई है। शनिवार को वैक्सीन आने की पूरी संभावना है।

chat bot
आपका साथी