कवियों ने सुंदर रचनाएं पेश कर मोहा मन

कपूरथला स्थित सैनिक स्कूल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कविता पाठ कार्यक्रम करवाया

By JagranEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 07:32 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 07:32 PM (IST)
कवियों ने सुंदर रचनाएं पेश कर मोहा मन
कवियों ने सुंदर रचनाएं पेश कर मोहा मन

संवाद सहयोगी, कपूरथला : हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक स्कूल प्रांगण में संध्या कविता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि सैनिक स्कूल में 29 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उसी श्रृंखला के तहत हिंदी प्रतिभा प्रदर्शन समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान कविता पाठ, निबंध लेखन प्रतियोगिता, संभाषण प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम निर्धारित है। कार्यक्रम में कर्नल प्रशांत सक्सेना मुख्यातिथि व मेघा सक्सेना विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में कुल 22 कवियों ने कविताओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। इस दौरान कविता पाठ में देशभक्ति, हास्य व्यंग्य, रोजमर्रा की दिनचर्या, वीर रस जिदगी के दर्द सहित अनेकों विषयों की कविताएं पढ़ी गई। समारोह में कवि जगदीश सिंह, यादवेन्द्र सिंह, राजकुमार ठाकुर, मृगेन्द्र सिंह, नरेंद्र कौर, एचपी शुक्ला, मुनीश शर्मा, रेणू राणा, ममता रानी, अरनव, आद्या, जसप्रीत कौर, विग कमांडर दीपिका रावत शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जेकेपी सिंह ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल प्रशांत सक्सेना ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को हिंदी को संविधान सभा ने राजभाषा का दर्जा दिया। यह आम लोगों के हृदय व अभिव्यक्ति की भाषा है। देश में अधिकांश लोग अपने मन के भाव को हिंदी के माध्यम से व्यक्त करते हैं। आज के दिन हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर राष्ट्र की भाषा को मजबूत करेंगे। उसके बाद मुख्य अतिथि व विशेष अतिथि ने पुरस्कार वितरण समारोह का समापन किया। इस अवसर पर स्कूल के उप प्राचार्या विग कमांडर दीपिका रावत, प्राचार्य कर्नल प्रशांत सक्सेना, मेघा सक्सेना, कर्नल अजय सांगवान, विग कमांडर प्रीतम कुमार चौधरी, डा. एचएस इसर ने कवियों को शुभकामनाएं भेंट की।

chat bot
आपका साथी