सिंचाई के लिए नही मिल रही बिजली, किसानों ने दी 13 को ट्रेन रोकने करने की चेतावनी

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का शिष्टमंडल पावरकाम के चीफ इंजीनियर से मिला।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 10:21 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 10:38 PM (IST)
सिंचाई के लिए नही मिल रही बिजली, किसानों ने दी 13 को   ट्रेन रोकने करने की चेतावनी
सिंचाई के लिए नही मिल रही बिजली, किसानों ने दी 13 को ट्रेन रोकने करने की चेतावनी

जागरण संवाददाता, कपूरथला : पिछले पांच दिनों से किसानों को फसलों की सिचाई के लिए बिजली की सप्लाई नही मिल रही है। पावरकाम की ओर से घरेलू सप्लाई में रोजाना सुबह शाम करीब चार से छह घंटे के कट लगया जा रहा है। पहले फसलों की सिचाई के लिए सिर्फ पांच घंटे बिजली की सप्लाई दी जाती थी लेकिन चार दिनों से यह सप्लाई भी बिलकुल ठप है। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने घोषणा की है कि अगर जल्द ही घरेलू व सिचाई के लिए बिजली की सप्लाई बहाल नहीं हुई तो 13 नवंबर से पंजाब भर में रेलगाड़ियों का चक्का जाम करके केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। बिजली की सप्लाई बाधित होने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। सिंचाई के बिना सब्जी एवं कनक की फसल खराब हो रही है।

किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेताओं ने जिला प्रधान स्वर्ण सिंह बाऊपुर के नेतृत्व में पावरकाम के चीफ इंजीनियर जैन इंद्र दानिया से मुलाकात की। नेताओं ने बिजली सप्लाई जारी करने की मांग की। उन्होंने बताया कि कपूरथला एवं जिला जालंधर में किसान बड़े स्तर पर सब्जी की काश्त करते हैं। कई दिनों से मोटरों की लाइट न आने कारण सिंचाई नहीं हो पा रही है जिससे फसलों का नुकसान हो रहा है। सिचाई के बिना गेहूं की फसल भी बर्बाद हो रही है।

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के जिला प्रेस सचिव विक्की जैनपुरी का कहना है कि बिजली की सप्लाई बाधित होने से किसानों में रोष है। 13 नवंबर को पंजाब भर में रेलगाड़ियों का चक्का जाम करने की काल दी जा रही है। किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही बिजली की समस्या का हल नहीं करवाया गया तो किसान मजदूर संघर्ष समिति सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होगी। जोन भाई लालू जी डल्ला साहिब के प्रधान परमजीत सिंह पक्का कोठा, रणजीत सिंह कैशियर तथा जगीर सिंह आदि भी उपस्थित थे। उधर किसान अवतार सिंह मोठावाल, सुखविदर सिंह हैबतपुर एवं मलकीत सिंह जैनपुर का कहना है कि सिचाई के लिए बिजली ना आने से गेहूं की फसल सूखने लगी है।

केंद्र सरकार के आदेश पर बंद किए गए थर्मल प्लांट

उधर पावरकाम के चीफ इंजीनियर जैन इंद्र दानिया ने कहा कि विभाग को केंद्र सरकार की तरफ से आदेश मिला है कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण थर्मल प्लांट बंद किया जाए। इसी वजह से थर्मल प्लांट बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह किसानों की मांगों को जल्द ही उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। आगामी दिनों में मोटरों की बिजली सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी