धुंध की चादर में लिपटा शहर, ठिठुरन बढ़ी

शीतलहर और धुंध के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 10:16 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 10:16 PM (IST)
धुंध की चादर में लिपटा शहर, ठिठुरन बढ़ी
धुंध की चादर में लिपटा शहर, ठिठुरन बढ़ी

जागरण संवाददाता कपूरथला : शनिवार को सुबह से ही शहर में धुंध की चादर फैल गई। दिन भर गहरी धुंध छाई रही और सूर्य देव बादलों व धुंध में छिपा रहा। शनिवार सुबह विजिबिलिटी छह मीटर तक ही रह गई। धुंध से तापमान भी गिरने लगा है। मौसम में आए बदलाव और धुंध से यातायात तथा जनजीवन काफी प्रभावित रहा। लोग घरों में रहने को मजबूर हुए और आग जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश की।

सुबह व शाम को पड़ने वाली कड़ाके की सर्दी व धुंध ने जनजीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया है। शनिवार को पूरा दिन धुंध ही धुंध छाई रही। सुबह के समय धुंध के कारण सड़कों पर लाइट जलाकर वाहन चलते दिखे। बाजार में रौनक कम थी। ठंड के कारण आसपास के गावों से शहर में आने मजदूरों को भी काम नहीं मिल पा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह धुंध व शीत लहर ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया।

ठंड से बचने के लिए लोग ले रहे आग का सहारा

ठंड के कारण बाजार में सुबह 11 बजे से पहले ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं। दुकानदार भी अपनी दुकानें खोलकर ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहते हैं तथा हीटर जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग का भी सहारा ले रहे है। सड़कों के किनारे रहने वाले झुग्गी-झोपड़ी वाले लोग सुबह से ही आग जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते हैं।

निर्धारित समय से देरी से चल रही बसें

सुबह के समय धुंध की वजह से रोजाना काम के सिलसिले से आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। सड़क पर धुंध होने के कारण बसें भी धीमी गति में अपनी मंजिल की ओर बढ़ती है। जिसके कारण लोग अपने गंतव्य पर देरी से पहुंचते हैं।

गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे लोग

सर्दी बढऩे के कारण कपड़ों का व्यापार भी गर्म हो गया है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करने लगे है। मंदी से दौर से गुजर रहे दुकानदारों को सर्दी का सीजन शुरू होने से कुछ राहत मिली है। मध्यवर्गीय लोग रविवार को माल रोड व स्टेट गुरुद्वारा साहिब रोड पर लगने वाली गर्म कपड़ों की सेल का भी काफी लुप्त उठा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी