सिद्धू के पीपीसीसी का प्रधान बनने के बाद विरोधी दलों में छाया मातम : विमल
कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय लीडरशिप ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश का प्रधान बनाए जाने से लोगों में उत्साह
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय लीडरशिप ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रधान बनाए जाने का स्वागत करते हुए कांग्रेस पंजाब व्यापार सेल के प्रदेश महासचिव विमल वरमानी ने कहा कि हाईकमान द्वारा सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से प्रदेश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। सिद्धू के ताजपोशी समागम में कार्यकर्ताओं के जोश व उत्साह ने यह साबित कर दिया है की 2022 में पंजाब में एक बार फिर कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि सिद्धू पंजाब के लोकप्रिय नेता हैं जो समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय हैं। सिद्धू की बतौर प्रधान नियुक्ति से कांग्रेस पार्टी को भारी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सिद्धू के अध्यक्ष बनते ही विरोधी दलों के हौसले टूट गए हैं। उन्हें अपनी हार स्पष्ट दिखाई देने लगी है। पहले यह कहा जा रहा था कि सिद्धू कांग्रेस छोड़ कर जाने वाले हैं पर जब उन्हें अध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेवारी मिली तो मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह से विवाद की अफवाहें उड़ानी शुरू कर दी। मगर मंगलवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में कैप्टन-सिद्धू की भेंट होने के बाद विपक्ष के पास कहने को कुछ बाकी नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जो 18 सूत्रीय फार्मूला पंजाब सरकार को दिया है, उसे जल्द लागू होने का उन्हें पूर्ण विश्वास है, जिससे जनता में कैप्टन सरकार की छवि और मजबूत होगी। भले ही केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही, लेकिन पंजाब सरकार यदि बिजली के युनिट माफ करती है तो यह जनता के लिये बड़ी राहत होगी। वरमानी ने कहा कि सिद्धू जहां एक जोशीले नेता हैं वहीं कैप्टन की छवि गंभीर नेता की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सख्त मेहनत के साथ यही जोश और होश मिलकर पंजाब में लगातार दूसरी बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनायेंगे।