मां की हत्या कर शव प्लाट में फेंका

नवांशहर के गांव खोथड़ा कालोनी में महिला का शव बरामद किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 09:33 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 09:33 PM (IST)
मां की हत्या कर शव प्लाट में फेंका
मां की हत्या कर शव प्लाट में फेंका

संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : जिला नवांशहर के थाना बहराम बंगा में पड़ते गांव खोथड़ा कालोनी के खाली प्लाट में पुलिस ने शुक्रवार को महिला का शव बरामद किया। महिला की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या की गई है और पहचान मिटाने के लिए आरोपितों ने उसके चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया। मृतका की पहचान उर्मिला देवी पत्नी धर्मनाथ सिंह निवासी गली नंबर 11 ओंकार नगर फगवाड़ा के रूप में हुई है। मृतका महिला का पैतृक जिला गोपालगंज बिहार है। थाना बहराम की पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के बेटे दीपक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शक जाहिर किया जा रहा है कि मृतक महिला उर्मिला देवी की उसके अपने ही बेटे दीपक ने घरेलू विवाद के चलते हत्या की है।

ओंकार नगर निवासी धर्मनाथ सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह फगवाड़ा के जेसीटी मिल में काम करता है। उसके तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा दूसरे शहर में रहता है जबकि छोटा बेटा उसके साथ ओंकार नगर में रहता है। शनिवार शाम को वह ड्यूटी पर चला गया। देर रात जब उसका छोटा बेटा दीपक घर आया और अपनी मा उर्मिला देवी को घर से किसी काम के बहाने अपने साथ ले गया। रातभर दोनों घर नहीं आए। रविवार को सुबह करीब आठ बजे उन्हें गाव खोथड़ा कालोनी में स्थित खाली प्लाट में खून से लथपथ उर्मिला का शव मिला। पहचान मिटाने के उसके चेहरे को बुरी तरह से कुचला गया था।

पिता का आरोप, बेटे ने की हत्या

घटनास्थल पर थाना बहराम की पुलिस भी पहुंच गई। धर्मनाथ सिंह ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उर्मिला देवी की हत्या उसके अपने बेटे दीपक ने की है। वहीं थाना बहराम के एसएचओ राजीव कुमार का कहना है कि पुलिस को सुबह महिला की हत्या होने की सूचना मिली थी। महिला की हत्या तेजधार हथियार से की गई है। एसएचओ ने बताया कि पिता के बयान पर दीपक के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। एसएचओ राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जाच में यह बात सामने आई है कि घरेलू विवाद के चलते युवक ने अपनी मा की हत्या की है। हालांकि मामले को लेकर पूरी सच्चाई दीपक की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आएगी।

chat bot
आपका साथी