एक सप्ताह में डेंगू के 17 मरीज मिले, सिविल अस्पताल में उपचार के प्रबंध अधूरे

कपूरथला सिविल अस्पताल में डेंगू मरीजों के उपचार का उचित प्रबंध नहीं है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 09:34 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 09:34 PM (IST)
एक सप्ताह में डेंगू के 17 मरीज मिले, सिविल अस्पताल में उपचार के प्रबंध अधूरे
एक सप्ताह में डेंगू के 17 मरीज मिले, सिविल अस्पताल में उपचार के प्रबंध अधूरे

नरेश कद, कपूरथला

जिले में डेंगू के मरीज बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार तक जिले में डेंगू के 17 मरीज डेंगू के मिले हैं जिनमें से कपूरथला सिविल अस्पताल में आठ, बेगोवाल में दो, भुलत्थ में चार और नडाला में तीन मरीजों की पुष्टि हुई है। सिविल अस्पताल में उपचार को लेकर पुख्ता प्रबंध ना होने के कारण मरीज निजी अस्पतालों में अपना उपचार करवा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से डेंगू से निपटने के लिए बेशक पुख्ता प्रबंध होने का दावा किया जा रहा है लेकिन हकीकत कुछ और है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद सिविल अस्पताल के डेंगू वार्ड में ताला लगा हुआ है। हालांकि सेहत विभाग व सिविल अस्पताल की विभिन्न टीमें भी इस संबंध में काफी सजग होने का दावा कर रही है लेकिन अस्पताल में आने वाले मरीजों को रेफर किया जा रहा है। मरीज शहर के निजी अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं।

अस्पताल में प्लेटलेट्स मशीन उपलब्ध नहीं

सिविल अस्पताल में प्लेटलेट्स स्टोर करने के लिए मशीन उपलब्ध नहीं है। इस कारण मरीज यहां पर इलाज करवाने का जोखिम नहीं लेते। सिविल अस्पताल के डाक्टर भी सुविधा न होने की वजह से मरीजों को रेफर कर देते हैं। सिविल अस्पताल में डेंगू और अन्य संक्रमित बीमारियों के लिए बनाए गए आइसोलेटिड वार्ड में ताला लगा है। पिछले साल वार्ड में डेंगू के मरीजों के लिए 22 बेड लगाए गए थे। इस वार्ड को सामान्य मरीजों के लिए खोल दिया जाता है जब दूसरे वार्डो में मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।

50 वार्डों के लिए सिर्फ एक फागिग की मशीन

नगर-निगम और सिविल अस्पताल प्रशासन की ओर से बारिश के दौरान शहर में फागिग नहीं करवाई गई। जब डेंगू ने दस्तक दी तो नगर-निगम ने फागिग का काम शुरू कर दिया। एक सप्ताह में 10 वार्डो में फागिग का काम चल रहा है। बाकी वार्डों में अभी फागिग नहीं की गई और 50 वार्डों के लिए फागिग की मशीन सिर्फ एक ही है। शहर निवासियों ने मेयर कुलवंत कौर से चार फागिग मशीन उपलब्ध करवाने की मांग की है ताकि शहर के 50 वार्डों में जल्द से जल्द फागिग करवाई जा सके। नगर-निगम के कर्मचारी रमन कुमार ने बताया कि 50 वार्डों के लिए 20 लीटर दवाई फागिग के लिए आई है और 60 लीटर डीजल के मगर 300 एमएल दवाई डाली जा रही है। जल्द ही सभी वार्डों में फागिग कर दी जाएगी।

डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग का करें सहयोग : डा. राजीव भगत

एपीडोमोलोजिस्ट डा. राजीव भगत ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूकता वैन चलाई गई है। सेहत विभाग की ओर से सात टीमें गठित की गई जो कि डेंगू के लारवा को नष्ट करने और लोगों को घर-घर जाकर जागरूक करने का काम कर रही है। डेंगू की रोकथाम के लिए लोग सिविल अस्पताल व प्रशासन का सहयोग करें और जरूरत पड़ने पर डा. से संपर्क करें। ज्यादातर डेंगू का लारवा साफ पानी से पैदा होता है। उन्होंने कहा कि रात के समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा पूरी बाजू के कपड़े पहनें।

chat bot
आपका साथी