तेजधार हथियारों से युवक को काटा, अस्पताल में मौत

शाहकोट के रामगढि़या चौक पर रंजिश के कारण छह लोगों ने युवक पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Aug 2021 11:37 PM (IST) Updated:Sat, 07 Aug 2021 11:37 PM (IST)
तेजधार हथियारों से युवक को काटा, अस्पताल में मौत
तेजधार हथियारों से युवक को काटा, अस्पताल में मौत

जागरण संवाददाता, जालंधर : शाहकोट के रामगढि़या चौक पर पुरानी रंजिश के कारण छह लोगों ने अचानक एक युवक और उसके दोस्त पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के सिर और कलाई पर वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण युवक वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने जालंधर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज तलाश शुरू कर दी है।

रोहित सिह पुत्र गुरलाल निवासी शाहकोट वार्ड नंबर सात शुक्रवार दोपहर अपने दोस्त विजय कुमार उर्फ गोल्डी के साथ मोबाइल कंपनी के शोरूम से लौट रहा था। जब वह रामगढि़या चौक के पास पहुंचे तो घात लगाए बैठे आरोपितों ने पुरानी रंजिश के कारण उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने रोहित के सिर पर वार किए, जिससे उससे गंभीर चोटें आई। तेजधार हथियारों से प्रहार से उसकी एक कलाई भी बुरी तरह से कट गई। रोहित बेसुध होकर गिर पड़ा और हमलावर फरार हो गए। गोल्डी ने लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। उसने किसी तरह रोहित को सिविल अस्पताल शाहकोट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जालंधर रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में उसकी हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि रोहित की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। अस्पताल में मौजूद रोहित की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। रोहित दो छोटी बहनों का इकलौता भाई था। बहनों की अभी शादी भी नहीं हुई है। थाना शाहकोट के प्रभारी सुरिदर कुमार ने बताया कि मामले में राहुल मट्टूं उर्फ गोपी, संजू उर्फ गोगी निवासी शाहकोट समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक राजनीतिक दल से जुड़े नेता का भी आ रहा नाम

मामले में शाहकोट के एक राजनेता का भी नाम सामने आ रहा है। वह नामजद युवकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस मामले में उक्त व्यक्ति को भी जांच में शामिल कर सकती है।

घटनास्थल के दो वीडियो आए सामने

रोहित पर हमले के बाद दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें घायल रोहित सड़क के किनारे बेसुध हालत में पड़ा दिखाई दे रहा है। वहीं उसका दोस्त लोगों से रोहित को उठाकर अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगा रहा है। वहां करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की।

chat bot
आपका साथी