इकहरी पुली से सौ गज दूर कई विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थान, फिर भी सीवरेज समस्या का हल नहीं

मेन रेललाइन के अंडरपास इकहरी पुली में सीवरेज जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने अभी तक कोई बड़ा कदम नहीं उठाया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 03:45 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 03:45 AM (IST)
इकहरी पुली से सौ गज दूर कई विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थान, फिर भी सीवरेज समस्या का हल नहीं
इकहरी पुली से सौ गज दूर कई विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थान, फिर भी सीवरेज समस्या का हल नहीं

जागरण संवाददाता, जालंधर : मेन रेललाइन के अंडरपास इकहरी पुली में सीवरेज जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने अभी तक कोई बड़ा कदम नहीं उठाया है। दोमोरिया पुल रेलवे अंडरब्रिज और ओवरब्रिज होने के कारण वैकल्पिक रास्ता मौजूद रहने से निगम लापरवाह हो गया है और इस समस्या को दूर करने के लिए निगम ने पहल नहीं की। इस वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष है। सबसे हैरानीजनक यह है कि इकहरी पुली के आसपास विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थान है और यहां पर बड़ी गिनती में श्रद्धालु रोजाना माथा टेकने आते हैं। इसके बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं किया गया। श्रद्धालुओं को या तो सीवरेज के पानी से ही निकलकर जाना पड़ता है या कई बार वह दोमोरिया पुल या अड्डा होशियारपुर के रास्ते घूमकर आते हैं। इकहरी पुली से करीब 100 गज की दूरी पर माता सती वृंदा मंदिर है। इसके बिल्कुल साथ मां अन्नपूर्णा मंदिर, ब्रह्मकुंड मंदिर, बाबा बालकनाथ मंदिर, प्रसिद्ध सुक्का तालाब जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। माता सती वृंदा मंदिर जाने के लिए यह सबसे आसान और नजदीकी रास्ता इकहरी पुली ही है। मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। धार्मिक स्थानों का महत्व जानते हुए भी निगम अधिकारी इकहरी पुली में करीब चार महीने से व्याप्त समस्या को दूर करने पर जोर नहीं दे रहे। पहले यहां सिर्फ बरसात में ही ऐसी मुश्किल आती थी लेकिन अब यह परमानेंट हो गई है। इकहरी पुली से होकर रोजाना सैकड़ों लोग बाजार जाते हैं। रिक्शेवाले भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि यहां चढ़ाई ज्यादा नहीं है। वह लोग ज्यादा परेशान हैं जिनका आना-जाना इकहरी पुली से था। वह अब वैकल्पिक रास्तों से जाने को मजबूर हैं लेकिन इसमें समय और पैट्रोल की बर्बादी होती है।

----------

घर जाने के लिए रास्ता बदलना पड़ा

माई हीरा गेट में कारोबार करने वाले राकेश गुप्ता का कहना है कि किशनपुरा से सटे धानकियां मोहल्ला तक घर जाने के लिए इकहरी पुली सबसे आसान रास्ता था। दिन में तीन से चार चक्कर लगाने पड़ते हैं और और हर बार दोमोरिया पुल की तरफ से घूमकर जाना पड़ता है। यह रास्ता काफी लंबा पड़ता है और समय भी बर्बाद होता है। नगर निगम सीवरेज जैसी छोटी समस्या का समाधान भी नहीं कर पा रहा। धार्मिक स्थानों के कारण लोगों के भावनाएं आहत हो रही हैं।

-------

दुकानदारों का काम चौपट हो रहा

बंटी शर्मा ने कहा कि सीवरेज व्यवस्था चरमराने से दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। बरसात में इस रोड पर जलभराव पहले भी होता रहा है लेकिन अब तो बिना बरसात के ही हालात खराब हैं। सभी दुकानदारों के कामकाज पर असर पड़ा है। नगर निगम इस समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द करवाए।

--------

निगम के कारण लोग बीमार हो रहे

दुकानदार कुलविदर सिंह ने कहा कि सीवरेज जाम की समस्या का हल न हो पाना हैरानीजनक है। यह कोई बड़ी समस्या नहीं है जिसे दूर करने में समय लग जाए। नगर निगम आसपास रहने वाले लोगों दुकानदारों और कारोबारियों की भी सोचे जो कई महीनों से संकट झेल रहे हैं। इस वजह से कई लोग बीमार हो चुके हैं। जिनके घर पास हैं उनका जीना मुश्किल हो गया है।

chat bot
आपका साथी